वितरण कंपनी ने शुरू किया बकाया राजस्व वसूली अभियान

कोरबा 14 मई। पावर सिटी कोरबा सहित जिले भर में बिजली उपभोक्ताओं की बड़ी संख्या ऐसी है जिस पर वर्तमान स्थिति में 405 करोड़ का बकाया है। इनमें सरकारी-गैर सरकारी विभाग से लेकर उद्योग और सामान्य उपभोक्ता शामिल है। वितरण कंपनी ने बकाया राजस्व वसूलने के लिए अभियान शुरू किया है। इसे जल्द ही और तेज किया जाना है।

कोरबा जिले की कोरबा शहरी, कोरबा ग्रामीण और कटघोरा वितरण संभाग के अंतर्गत आने वाले उपभोक्ताओं से बकाया रकम वसूलने के मामले में विभाग की ओर से लगातार कार्यवाही की जा रही है। कुछ समय तक लोगों को अवगत कराने और उन्हें बकाया रकम जमा करने को कहा गया। इस बीच सरकार ने समाधान योजना लांच की। इसके माध्यम से लोगों की शिकायत को दूर करने का प्रयास किया गया। संपूर्ण बिल पर कुल पेनाल्टी को माफ करने और शेष बकाया पर स्लैबिंग व्यवस्था का विकल्प दिया गया। अलग-अलग स्तर पर लगाए गए कैंप में लोगों की बात सुनी गई। उनकी शंकाओं का समाधान करने के साथ तकनीकी स्तर पर भी बताया गया कि बिल में किसी प्रकार की त्रुटि है या फिर उन्होंने लंबे समय तक बिजली का उपयोग करने के बाद भुगतान करने में दिलचस्पी नहीं ली। अब वितरण कंपनी द्वारा जिले में नए अधिकारियों की पदस्थापना करने के बाद बकाया की रिकव्हरी के लिए प्रयास तेज किए गए हैं। विभाग का कहना है कि जितनी जल्द हो सके, कुल बकाया 405 करोड़ के बड़े हिस्से को हम अर्जित करना चाहेंगे। इसके लिए आज ही विभागीय अधिकारियों के साथ वृत्त कार्यालय में बैठक रखी गई।

समाधान योजना के बाद आए 46 करोड़
पूर्ववर्ती समय में कोरबा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र को मिलाकर कुल बकाया 451 करोड़ था। सरकार की समाधान योजना लांच होने और इसके प्रति जागरूकता का वातावरण बनाने से 46 करोड़ की प्राप्ति बकायादारों से हुई। अबकी स्थिति में विभाग को 405 करोड़ रुपए वसूल करना है।

-राजकुमार सोनकर, एसई वितरण कंपनी
गर्मी में बढ़ी बिजली अनापूर्ति की समस्या, लोग परेशान
गर्मी के मौसम में इस बार भी परंपरागत बिजली अनापूर्ति के मामले विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रहे हैं। इसके पीछे प्राकृतिक कारणों के साथ-साथ शार्टसर्किट को जिम्मेदार बताया जा रहा है। इस तरह के मसलों को ध्यान में रखते हुए मानसून पूर्व आवश्यक तैयारियां की जा रही है। इसके अंतर्गत विद्युत लाइन के आसपास पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराई जा रही है, साथ ही हैंगिंग केबल को ऊंचा करने का काम भी शुरू किया गया है। विभाग ने लोगों से कहा है कि विद्युत आपूर्ति गुल होने पर खुद मेकेनिक न बनें और विभाग को जरूरी जानकारी दें।

Spread the word