प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काफिले का आकार घटाया: सिर्फ दो गाड़ियों में पहुंचे ऑफिस

नईदिल्ली. प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों से अनावश्यक खर्चों में कटौती करने का आह्वान किया. पीएम ने मंत्रियों से पेट्रोल की खपत कम करने, काफिले छोटे रखने और विदेश यात्राओं में कमी लाने को कहा है. बताया गया है कि प्रधानमंत्री ने खुद भी अपने काफिले का आकार कम किया है. हाल ही में गुजरात और असम दौरों के दौरान उनके काफिले में वाहनों की संख्या घटाई गई. हालांकि एसपीजी सुरक्षा प्रोटोकॉल के आवश्यक प्रबंध बनाए रखे गए.
नरेंद्र मोदी कैबिनेट बैठक के लिए अपने आवास से प्रधानमंत्री कार्यालय सिर्फ दो गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे, जबकि ‘ब्लू बुक’ के अनुसार प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में आमतौर पर 14 से 17 गाड़ियां शामिल रहती हैं. मौजूदा सुरक्षा खतरों और राज्य पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती के चलते कई बार पीएम के काफिले में 30 से 40 तक गाड़ियां भी शामिल हो जाती हैं.
प्रधानमंत्री ने जहां संभव हो, नई खरीद किए इलेक्ट्रिक वाहनों को भी काफिले में शामिल करने का सुझाव दिया है. साथ स्पष्ट किया कि यह कदम “मितव्ययिता अभियान” नहीं है, बल्कि संसाधनों का बेहतर और समझदारी से उपयोग करने की पहल है.
विदेशी उड़ानों में कटौती
एअर इंडिया ने इंटरनेशनल ऑपरेशन में कटौती करते हुए कई रूट्स पर उड़ानों की संख्या घटाने का फैसला किया है. हालांकि एयरलाइन अगस्त 2026 तक हर महीने 1,200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स संचालित करती रहेगी, जिससे पांच महाद्वीपों में उसका नेटवर्क बना रहेगा. नई व्यवस्था के तहत उत्तरी अमेरिका के लिए हर हफ्ते 33, यूरोप 47, UK 57 और ऑस्ट्रेलिया के लिए 8 फ्लाइट्स चलाई जाएंगी. वहीं सुदूर पूर्व, दक्षिण-पूर्व एशिया व SAARC देशों के लिए 158 और मॉरीशस-अफ्रीका के लिए 7 साप्ताहिक फ्लाइट्स संचालित होंगी.
बता दें कि तेल कीमतों में तेजी के बीच एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट समेत एयरलाइंस की संस्था फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस (FIA ने सरकार को पत्र लिखकर एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) महंगा होने पर चिंता जताई थी. FIA ने चेतावनी दी थी कि बढ़ती लागत से कई एयर रूट आर्थिक दबाव में हैं और हालात नहीं सुधरे तो विदेशी उड़ानों में कटौती करनी पड़ सकती है.
