Power House Road पर चार पहिया वाहनों की नो-एंट्री, व्यापारी नाराज: ‘धंधा चौपट हो जाएगा’

कोरबा। नगर निगम ने Power House Road पर चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की योजना बनाई है। चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने भी सहमति दे दी है। निगम का कहना है कि ट्रैफिक जाम के चलते यह फैसला लिया गया है। पावर हाउस रोड के व्यापारी और ग्राहक सभी मल्टी लेबल पार्किंग में अपना वाहन खड़ा करेंगे और निःशुल्क उपलब्ध ई रिक्शा से पावर हाउस की दुकानों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तक आना जाना करेंगे।
Power House Road के व्यापारी इस निर्णय का कड़ा विरोध कर रहे है। उनका कहना है कि इस व्यवस्था में उनकी दुकानें कैसे चलेंगी? पहले से ही ऑनलाइन मार्केट से परेशान हैं, अब निगम हमारा धंधा चौपट कर देगा।” दुकानों में सामान लाने और ग्राहकों को डिलेवरी देने में दिक्कत आएगी।
व्यापारियों ने अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि अगर फैसला वापस नहीं हुआ तो Power House Road पर अनिश्चितकालीन बंद किया जाएगा।
व्यापारियों में चैंबर ऑफ़ कॉमर्स की भूमिका को लेकर भी काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि नगर निगम से बैठक के लिए सूचना मिली थी तो उससे पहले पावर हाउस रोड के प्रभावित व्यापारियों के साथ चैंबर को बैठक करनी थी और उनके साथ विचार विमर्श के बाद लिए गए निर्णय के अनुरूप कार्य करना था। लेकिन चैंबर ने प्रभावित व्यापारियों से चर्चा करना आवश्यक नहीं समझा और नगर निगम आयुक्त की बैठक में पावर हाउस रोड में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और मल्टीलेवल पार्किंग के उपयोग पर अपनी सहमति दे दी। इस बैठक में शहर के जिगर क्षेत्र के व्यापारी भी उपस्थित थे जिनकी सहमति अथवा सहमति इस मामले में कतई महत्वपूर्ण नहीं माना जा सकता।
पावर हाउस रोड के व्यापारियों का कहना है कि पूरे शहर की यातायात व्यवस्था अस्त व्यस्त है और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। सबसे पहले नगर निगम और जिला प्रशासन को शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर ध्यान देना चाहिए। लेकिन नगर निगम जिला प्रशासन और पुलिस विभाग इस दिशा में कोई भी ठोस कदम उठाने में रुचि लेता नजर नहीं आता।
व्यापारियों का कहना है कि पावर हाउस रोड को पावर हाउस रोड ही रहने दिया जाए। माल रोड बनाने का प्रयास न किया जाए। इसी में, इस क्षेत्र के व्यापारियों का हित है।
