संयुक्त अरब अमीरात में इजरायल ने अपना सबसे आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किया

अबूधाबी/तेलअवीव. ईरान युद्ध के बीच पश्चिम एशिया में प्रतिद्वंदी माने जाने वाले इजराइल और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच नया गठजोड़ सामने आया है। इजरायल ने अपने सबसे आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम आयरन बीम और आयरन डोम को यूएई में तैनात कर दिया है। इतना ही नहीं इजराइल ने यूएई में अपने सैनिक भी तैनात किए है, ताकि ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों से यूएई की सुरक्षा की जा सके। इजराइल, यूएई के साथ खुफिया जानकारी भी साझा कर रहा है। वहीं अमरीका ने पश्चिम एशिया में अपने सहयोगियों इजराइल, यूएई, कुवैत और कतर को 8.6 अरब डॉलर के हथियार बेचने को मंजूरी दे दी है।
युद्ध के दौरान यूएई पर ईरान ने 500 से ज्यादा मिसाइलें और 2000 ड्रोन दाग कर उसे काफी नुकसान पहुंचाया था। यूएई में न सिर्फ अमरीकी सैन्य बेस थे बल्कि इजराइल के साथ भी उसने 2020 में समझौता किया था। तेल उत्पादक देशों के संगठन ओपेक से भी यूएई निकल गया है। इसके बाद इजराइल की यह मदद पश्चिम एशिया में एक नया गठजोड़ बना रही है।
फिर छिड़ सकता है युद्ध…
ईरानी सेना की सेंट्रल कमांड के अधिकारी मो. जाफर असदी ने कहा कि ईरान-अमरीका के बीच नया संघर्ष शुरू होने की संभावना है। अमरीका किसी भी वादे के प्रति प्रतिबद्ध नहीं है। ईरानी न्यायपालिका के प्रमुख गुलाम हुसैन मोहसेनी ने कहा कि शांति शर्तों थोपे जाना मंजूर नहीं।
टोल दिया तो शिपिंग कंपनियों पर बैन
अमरीका ने शिपिंग कंपनियों को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने होर्मुज में ईरान को टोल दिय तो प्रतिबंध लगेंगे। अमरीकी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि नाकेबंदी से ईरान को 4.8 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ।
‘गटर के चूहे’ कहे जाने पर भड़का ईरान
अमरीका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ईरानी नेतृत्व को गटर में रहने वाला चूहा कहा है। इस पर साउथ अफ्रीका में ईरानी दूतावास ने कहा कि आप और आपके बॉस युद्ध हार चुके हैं। आपकी ये बातें जीत नहीं, दर्द की निशानी हैं।
