रोमांस के दौरान छत से गिरा कपल, युवक की मौत, युवती गंभीर घायल

बिलासपुर — छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां रोमांस के दौरान संतुलन बिगड़ने से एक कपल तीन मंजिला छत से नीचे गिर गया। हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है।

नशे में बिगड़ा बैलेंस, रेलिंग से गिरे दोनों
जानकारी के अनुसार, घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अभिलाषा परिसर स्थित EWS कॉलोनी की है। 21 अप्रैल की देर रात चिरंजीव पांडे (23) और गरिमा सिंह (23) छत पर मौजूद थे। दोनों ने शराब पी रखी थी और रेलिंग पर हाथ पकड़कर बैठे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों नीचे गिर पड़े।

सिर में गंभीर चोट से युवक की मौत
नीचे गिरते ही दोनों बुरी तरह घायल हो गए। चिरंजीव पांडे के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गरिमा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह तक खून से लथपथ पड़े रहे दोनों
रात का समय होने के कारण किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल पाई। सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने दोनों को खून से लथपथ हालत में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया।

3 साल से था दोनों के बीच प्रेम संबंध
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध था। चिरंजीव एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था और साथ ही डिलीवरी का काम भी करता था, जबकि गरिमा एक निजी कंपनी में कार्यरत थी।

युवती का बयान—बचाने के प्रयास में गिरे
होश में आने के बाद युवती ने पुलिस को बताया कि युवक नशे में लड़खड़ा रहा था और छत से गिरने लगा था। उसे बचाने के प्रयास में वह भी उसके साथ नीचे गिर गई।

Spread the word