ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, ‘3 Stumps’ ऐप से जुड़े मास्टरमाइंड के घर छापा

रायपुर — छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा एप ‘3 Stumps’ से जुड़े बड़े नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच और गंज थाना की संयुक्त टीम ने कथित मास्टरमाइंड व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी के निवास पर छापेमारी की।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में डीएसपी, टीआई समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर घर और अन्य संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई।
दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों की जांच
पुलिस टीम पिछले एक घंटे से अधिक समय तक लगातार तलाशी अभियान चलाकर दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की जांच में जुटी रही। जांच के दौरान कई अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
विदेशी कनेक्शन की जांच
सूत्रों के मुताबिक, बाबू खेमानी के विदेशी नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। पुलिस इस एंगल पर विशेष रूप से जांच कर रही है कि सट्टा एप का संचालन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तो नहीं हो रहा था।
अन्य ठिकानों पर भी दबिश संभव
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में और लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की जा सकती है।
