Big Breaking : वेदांता पावर प्लांट हादसा: 20 मजदूरों की मौत पर बड़ी कार्रवाई, चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत 19 पर FIR दर्ज

जांजगीर/ सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। मंगलवार को हुए इस हादसे में अब तक 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है।
हादसे के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106, 289 और 3-5 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार मृतकों में 5 लोग छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जबकि 15 मजदूर अन्य राज्यों से काम करने आए थे।
घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ श्रम कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुआवजे की घोषणा करते हुए राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है। वहीं प्रधानमंत्री राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिवार को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।

वेदांता प्रबंधन ने भी मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है। इसके अलावा घायलों को 15-15 लाख रुपए देने की बात कही गई है।
यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े करता है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे घटना के असली कारणों का खुलासा हो सके।
 

Spread the word