इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म: आरोपी फरार, केस दर्ज

दुर्ग। सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मोहन नगर थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसकी पहचान वर्ष 2025 में इंस्टाग्राम के माध्यम से दुर्ग निवासी सौरभ राजपूत से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर युवती को मिलने के लिए दुर्ग बुलाया। 5 मार्च 2026 को युवती दुर्ग पहुंची, जहां आरोपी उसे अपने बड़े भाई के घर सिकोला भाटा ले गया और शादी का झांसा देकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी बाद में उसे उज्जैन घुमाने के बहाने ले गया, जहां भी उसने कई बार संबंध बनाए। इसके बाद दुर्ग और अन्य स्थानों पर भी आरोपी शादी का वादा कर लगातार उसका शोषण करता रहा।
11 अप्रैल 2026 को आरोपी ने युवती को ग्राम संबलपुर में अपने रिश्तेदार के घर ले जाकर फिर दुष्कर्म किया और अगले दिन उसे उसके गांव छोड़ दिया। जब युवती के परिजनों ने शादी की बात कही, तो आरोपी पहले टालता रहा और बाद में साफ इंकार कर फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर मोहन नगर थाना पुलिस ने आरोपी सौरभ राजपूत के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।
