एनटीपीसी परियोजना में ठेका श्रमिकों का शोषणः मजदूरों ने ठेका कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर न्याय की मांग की

कोरबा 10 अपै्रल। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक शहर कोरबा स्थित एनटीपीसी परियोजना में ठेका श्रमिकों के आर्थिक शोषण का मामला सामने आया है। बड़ी संख्या में मजदूर दर्री थाना पहुंचकर ठेका कंपनियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की मांग की है। श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें निर्धारित सरकारी वेतन नहीं दिया जा रहा और हक मांगने पर धमकियां दी जा रही हैं।
शिकायत करने वाले श्रमिक एसईपीएल, नवरूप इंडिया, बेगिन, केसीपीएल और आरवीपीआर जैसी कंपनियों से जुड़े हैं। उनका कहना है कि वे पावर प्लांट में विभिन्न कार्यों में लगे हुए हैं, लेकिन उन्हें तय मानकों के अनुसार भुगतान नहीं किया जा रहा।
मजदूरों ने बताया कि कंपनियां कोरबा क्षेत्र को ‘सी कैटेगरी’ बताकर कम वेतन दे रही हैं, जबकि वास्तविकता में यह क्षेत्र ‘बी कैटेगरी’ में आता है। ऐसे में उन्हें बी कैटेगरी के अनुसार वेतन मिलना चाहिए। जब वे इस बारे में आवाज उठाते हैं, तो उन्हें नौकरी से निकालने या नोटिस देने की धमकी दी जाती है। कुछ श्रमिकों को पहले ही काम से हटाया जा चुका है, जिससे बाकी कर्मचारियों में डर का माहौल है। आरोप यह भी है कि कंपनियां खुले तौर पर कह रही हैं कि कम दर पर नए मजदूर आसानी से मिल जाएंगे, इसलिए विरोध करने वालों को हटाया जा सकता है।
इस मामले ने श्रमिक अधिकारों और औद्योगिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ सरकार श्रमिकों के हितों की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ऐसे मामलों का सामने आना चिंता का विषय है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि संबंधित कंपनियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है और मजदूरों को उनका हक मिल पाता है या नहीं।
