तबला: बाल कलाकार पार्थ यादव को कला गौरव रत्न सम्मान मिला

कोरबा 6 अप्रैल। प्रतिष्ठित संगीत महोत्सव “नटरंग 2026” में प्रदेश के होनहार एवं प्रतिभाशाली बालक तबला कलाकार पार्थ यादव को उनकी उत्कृष्ट कला-साधना और प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए “कला गौरव रत्न” सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें भारतीय शास्त्रीय संगीत, विशेष रूप से तबला वादन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

कम उम्र में ही पार्थ यादव ने अपने गुरु मोरध्वज वैष्णव जी के कुशल मार्गदर्शन में कठिन साधना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के माध्यम से लय-ताल पर अद्भुत पकड़ स्थापित की है। उनके तबला वादन में तकनीकी शुद्धता के साथ-साथ भावात्मक अभिव्यक्ति का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है, जो श्रोताओं और संगीत विशेषज्ञों को समान रूप से प्रभावित करता है।

पार्थ यादव अब तक राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। “नटरंग 2026” जैसे गरिमामय संगीत महोत्सव में “कला गौरवरत्न” सम्मान प्राप्त करना उनकी प्रतिभा, साधना और उज्ज्वल भविष्य का प्रमाण है।

इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि पार्थ जैसे समर्पित युवा कलाकार भारतीय शास्त्रीय संगीत की गौरवशाली परंपरा को नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं। पार्थ यादव की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर उनके गुरु मोरध्वज वैष्णव, परिवारजनों, संगीत प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।

Spread the word