जगदलपुर-बस्तर में भूकंप के झटके, देर रात दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

जगदलपुर। बस्तर संभाग के जगदलपुर सहित कई इलाकों में बीती रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया। अचानक जमीन हिलने से लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह भूकंप रात करीब 11:31 बजे आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र ओडिशा के कोरापुट में स्थित था, जो जमीन से करीब 5 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मैग्नीट्यूड मापी गई।
झटके महसूस होते ही जगदलपुर, बास्तानार, दरभा और आसपास के क्षेत्रों में लोग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर भागे। हालांकि कुछ ही सेकंड में कंपन थम गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बस्तर क्षेत्र में इस तरह के भूकंप के झटके कम ही महसूस किए जाते हैं, जिससे यह घटना लोगों के लिए असामान्य रही। वहीं, भूवैज्ञानिकों के लिए भी यह हलचल अध्ययन का विषय बन सकती है, क्योंकि बस्तर को आमतौर पर भूकंप की दृष्टि से अपेक्षाकृत सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा किसी प्रकार के नुकसान की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन एहतियात के तौर पर लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
