एनटीपीसी के कोरबा सहित सीपत और लारा विद्युत संयंत्र में लक्ष्य से कम बिजली उत्पादन

कोरबा। एनटीपीसी के कोरबा सहित सीपत और लारा विद्युत संयंत्र में लक्ष्य से कम बिजली उत्पादन किया गया है।
जानकारी के अनुसार बीते वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिजली उत्पादन लक्ष्य से कम रहा और प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) में भी कमी आई है। एनटीपीसी कोरवा स्थित 2600 मेगावाट क्षमता वाले प्लांट से वित्तीय वर्ष 2025-2026 में 19977.10 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया है। संयत्र का लक्ष्य 20700 मिलियन यूनिट था। पिछले वर्ष के मुकाबले पीएलएफ भी घटकर 90.76 प्रतिशत से 87.71 प्रतिशत दर्ज किया गया।
इसी क्रम में एनटीपीसी सीपत संयंत्र क्षमता 2980 मेगावाट है। यहां 2025-26 में 21457.44 मिलियन यूनिट बिजली बनी, जबकि लक्ष्य 22775 मिलियन यूनिट था। पीएलएफ भी 88.06 प्रतिशत से घटकर 82.20 प्रतिशत रह गया।
वहीं, एनटीपीसी लारा प्लांट की क्षमता 1600 मेगावाट है। यहां 12182.65 मिलियन यूनिट उत्पादन हुआ, जो 12300 मिलियन यूनिट के लक्ष्य से कम है। पीएलएफ भी 90.24 प्रतिशत से गिरकर 86.92 प्रतिशत हो गया।
याद रहे कि प्लांट लोड फैक्टर यानी पीएलएफ यह बताता है कि कोई बिजली संयंत्र अपनी कुल क्षमता के मुकाबले कितना उत्पादन कर रहा है। पीएलएफ जितना ज्यादा होता है, उतना ही प्लांट का उपयोग बेहतर माना जाता है और बिजली उत्पादन की लागत भी कम रहती है।
