मंदिर विवाद की बैठक में खूनी खेल, उप सरपंच के भतीजे की चाकू गोदकर हत्या; गांव में दहशत

बालोद (डौंडीलोहारा): छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बटेरा के आश्रित ग्राम जोगीभाठ में शीतला मंदिर को लेकर आयोजित एक सामाजिक बैठक रणक्षेत्र में बदल गई। विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उप सरपंच के भतीजे की सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
शीतला मंदिर विवाद बना मौत का कारण
जानकारी के अनुसार, गांव के शीतला मंदिर को लेकर लंबे समय से कुछ विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे को सुलझाने के लिए ग्रामीणों ने शीतला मंदिर परिसर में एक बैठक बुलाई थी। बैठक के दौरान चर्चा शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई थी, लेकिन देखते ही देखते आपसी बहस तीखी हो गई और दो पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी।
बीच-बचाव करने पहुंचा था युवक
जैसे ही विवाद हिंसक हुआ, वहां मौजूद उप सरपंच का भतीजा (मृतक) झगड़ा शांत कराने के लिए बीच में पहुंचा। इसी दौरान आरोपी ने आवेश में आकर चाकू निकाला और युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमला इतना अचानक और घातक था कि युवक को संभलने का मौका ही नहीं मिला। खून से लथपथ युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। वारदात की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
