सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई: नक्सलियों के दो डंप बरामद, हथियार-बारूद जब्त

जगदलपुर/बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को एंटी-नक्सल अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआरपीएफ की 85वीं बटालियन ने गंगालूर थाना क्षेत्र के पेद्दाजोजेर और लेण्ड्रा के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों के दो डंप बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान जंगलों में छुपाकर रखी गई नक्सलियों की सामग्री का पता चला, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

बरामद सामग्री में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक शामिल हैं। इनमें .303 राइफल, स्टेन गन, बीजीएल राउंड, डेटोनेटर, जिलेटिन और वायर जैसे खतरनाक उपकरण पाए गए हैं। सुरक्षा बलों का कहना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था।

समय रहते इन डंप को बरामद कर सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर असर पड़ेगा और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

Spread the word