तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर: पूर्व जनपद उपाध्यक्ष समेत 4 घायल, चालक फरार

कोरबा। जिले के भैसमा-उरगा मुख्य मार्ग पर कूकरीचोली पेट्रोल पंप के पास शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर ने दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें कोरबा जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष विक्की कंवर सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर तेज गति में था और अचानक अनियंत्रित होकर बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

राहगीरों ने दिखाई तत्परता
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। समय रहते मदद मिलने से घायलों को तत्काल उपचार मिल सका।

 चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।

आरोपी की तलाश तेज
पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

Spread the word