शादी के दबाव से नाराज युवक ने पिता संग मिलकर लिव-इन पार्टनर की हत्या, शव वाटरफॉल में फेंका

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। शादी का दबाव बनाने से नाराज युवक ने अपने पिता और सहयोगी के साथ मिलकर लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी और शव को रानी दहरा वाटरफॉल में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में बाप-बेटे समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है।

वाटरफॉल में मिला था महिला का शव
जानकारी के अनुसार, 19 मार्च की सुबह रानी दहरा वाटरफॉल में एक महिला का शव तैरता हुआ मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। शव की स्थिति खराब होने के कारण पहचान करना मुश्किल था, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज की।

जांच में खुली पहचान, सामने आया अफेयर
करीब दो दिन की जांच के बाद मृतका की पहचान मुंगेली जिले के खुड़िया चौकी अंतर्गत दरवाजा गांव निवासी सुखबती बैगा (24) के रूप में हुई। जांच में पता चला कि उसका गांव के ही देवेंद्र जायसवाल (26) के साथ प्रेम संबंध था।

दोनों करीब 3-4 महीने पहले घर छोड़कर पुणे चले गए थे, जहां वे लिव-इन रिलेशन में रहकर मजदूरी कर रहे थे। सुखबती पहले से शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे भी हैं।

शादी के दबाव में रची हत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक, सुखबती देवेंद्र पर शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं था। इस रिश्ते का विरोध देवेंद्र का पिता केशव प्रसाद भी कर रहा था। ऐसे में दोनों ने मिलकर सुखबती को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

योजना के तहत उसे घूमाने के बहाने रानी दहरा वाटरफॉल ले जाया गया, जहां देवेंद्र, उसके पिता और सहयोगी मनोज पटेल ने मिलकर उसके सिर पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी।

पुणे से हुई गिरफ्तारी, कबूला जुर्म
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और लोकेशन के आधार पर 24 मार्च को देवेंद्र को पुणे से गिरफ्तार किया। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पिता और साथी के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल कर ली।

क्राइम सीन रिक्रिएशन कराया गया
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों से क्राइम सीन रिक्रिएशन भी करवाया, जिसमें उन्होंने पूरी वारदात को दोहराया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने टीवी शो देखकर शव ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी।

Spread the word