राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष ने किया डोंगानाला का निरीक्षण

औषधि और प्रसंस्करण के संबंध में ली जानकारी
कोरबा 25 मार्च। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने वन धन विकास केंद्र डोंगानाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान महिला स्व-सहायता समूह के सदस्यों ने विकास केंद्र में निर्मित औषधियों के संबंध में जानकारी दी। उन्हें औषधि के कच्चे उत्पाद व प्रसंस्करण विधि वे अवगत कराया। उपाध्यक्ष श्री शर्मा ने समूह की महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा कटघोरा प्रवास पर थे। वे अपने प्रवास के दौरान औचक निरीक्षण के लिए वन धन विकास केंद्र डोंगानाला पहुंचे, जहां डीएफओ कुमार निशांत ने उनका पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। महिला स्व-सहायता समूह के सदस्यों ने यज्ञदत्त शर्मा को निरीक्षण के दौरान सर्दी, खांसी चूर्ण, मधुमेह नाशक चूर्ण, आमलकी चूर्ण, अजमोदादि चूर्ण, केशपाल चूर्ण सहित अन्य औषधियों की विस्तृत जानकारी दी। श्री शर्मा ने प्रसंस्करण किए जा रहे 18 प्रकार के औषधी का पाम्प्लेट व दर बोर्ड को देख प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने पाम्प्लेट का फोल्डर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए भंडारित समस्त कच्चे औषधी व क्रय प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा प्रसंस्करण के लिए लगाए गए मशीन, वर्षा काल में उपयोग किए जाने वाले ड्रायर सहित अन्य उपकरणों के संबंध में जानकारी ली। श्री शर्मा ने निरीक्षण उपरांत वर्तमान समूह व ग्रामीण स्तर में औषधी संग्रहण को बढ़ावा देने निर्देश दिया। साथ ही समूह द्वारा लाभांश में हो रहे विलंब के बारे में चर्चा करते हुए जल्द ही लाभांश वितरण कराने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख रूप से डीएफओ कुमार निशांत के अलावा प्रशिक्षु आईएफएस प्रीति यादव, उप प्रबंध संचालक ए.के. मिश्रा, फार्मासिस्ट राघवेंद्र सिंह, अजय कुमार साव, योगेश कुमार बंजारे, विजेंद्र कुमार शर्मा, अनंत कुमार, आर.एन. शुक्ला, भोलाराम प्रजापति व हरिबोल स्व सहायता समूह के सदस्य उपस्थित थे।
