//सफलता की कहानी//-महतारी वंदन योजना से ब्रज बाई के जीवन में आई नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता

योजना से परिवार की जरूरतें कर पा रहीं पूरीः- हितग्राही ब्रज बाई
कोरबा 09 मार्च 2026/ राज्य शासन की महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इस योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं।
कोरबा विकासखंड के ग्राम पंचायत भैंसमा की निवासी श्रीमती ब्रज बाई भी इस योजना का लाभ लेकर अपने जीवन में नया आत्मविश्वास महसूस कर रही हैं। योजना के तहत मिलने वाली राशि ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को काफी हद तक सुदृढ़ किया है। ब्रज बाई के पति श्री संतू राम अपने पांच सदस्यीय परिवार के भरण-पोषण के लिए मजदूरी करते हैं। सीमित आय के कारण पहले परिवार की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करना भी कठिन हो जाता था, लेकिन अब महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि से घरेलू खर्चों को संभालना अपेक्षाकृत आसान हो गया है। हितग्राही ब्रज बाई बताती हैं कि इस सहायता राशि से वे घर के लिए राशन, दवाइयां और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा कर पा रही हैं। इसके साथ ही वे थोड़ी-बहुत बचत भी करने लगी हैं, ताकि भविष्य में किसी आपात स्थिति का सामना करने में कठिनाई न हो। वे कहती हैं कि इस योजना ने उन्हें न केवल आर्थिक सहयोग दिया है, बल्कि आत्मनिर्भर बनने का भरोसा भी दिया है। अब उन्हें परिवार की छोटी-छोटी जरूरतों को लेकर पहले जैसी चिंता नहीं रहती। महतारी वंदन योजना उनके लिए सहारा बनकर उनके जीवन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मदद कर रही है।
