मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में लगी भीषण आग, कबाड़ में खड़ी 6 गाड़ियां जलकर खाक

कोरबा 09 मार्च। जिले के कोरबा शहर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। अस्पताल के पीछे कबाड़ के रूप में खड़ी पुरानी गाड़ियों में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया।
सूत्रों के अनुसार अस्पताल परिसर के पीछे लंबे समय से कई पुरानी और अनुपयोगी गाड़ियां कबाड़ के रूप में खड़ी थीं। इन्हीं वाहनों में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में कई वाहन इसकी चपेट में आ गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही धुआं और लपटें दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर छत्तीसगढ़ फायर और ईमरजेन्सी की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि दमकल की गाड़ियां देर से पहुंचीं, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। जब तक दमकल की टीम पहुंची, तब तक करीब 6 वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। इसके बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
गौरतलब है कि जहां आग लगी, उसके पास ही डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ की आवासीय कॉलोनी स्थित है। आग की तेज लपटों को देखकर लोगों में डर का माहौल बन गया था कि कहीं आग कॉलोनी तक न फैल जाए। हालांकि दमकल की टीम ने समय रहते आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोकने में सफलता हासिल की।
स्थानीय लोगों के अनुसार अस्पताल परिसर में लंबे समय से पुरानी गाड़ियां और अन्य कबाड़ पड़ा हुआ था, जिससे सुरक्षा को लेकर कई बार सवाल उठते रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कबाड़ वाहनों को हटाया जाता, तो इस तरह की घटना की संभावना कम हो सकती थी।
सूत्रों के मुताबिक जिस जगह वाहन खड़े थे, वहां अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी लगा रहता था। पास में संचालित ओएसटी सेंटर में आने वाले कुछ नशे के आदी युवक भी इन गाड़ियों के आसपास बैठते देखे जाते थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व की हरकत के कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।
