रंग-गुलाल के विवाद में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

बस्तर। जिले के नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम कलचा में रंग-गुलाल लगाने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चार युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दो युवकों की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कलचा में मेला का आयोजन किया गया था, जहां लोग रंग-गुलाल खेल रहे थे। इसी दौरान दो युवक एक युवती को रंग लगा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसकी जानकारी युवती के प्रेमी और उसके साथियों को लगी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि युवती के प्रेमी और उसके तीन साथियों ने मिलकर दोनों युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उमेश बघेल (23) और रोहित बघेल (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार किए गए, जिससे कुछ ही देर में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने नगरनार पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
