सिरफिरा आशिक चाकू लेकर घर आ धमका, कहा- मेरी हो, किसी और की हुई तो मार दूंगा

कोरबा 03 मार्च। जांजगीर-चांपा जिले के एक गांव का रहने वाला 23 वर्ष का युवक समीर यादव ने सिरफिरेपन की हदें पार करते हुए चाकू लेकर कोरबा में रहने वाली 17 वर्ष की नाबालिग लड़की के घर पहुंच गया। आरोपित ने लड़की को डराते-धमकाते हुए कहा कि वह उसी की है और अगर उसकी शादी किसी और से हुई तो उसे और होने वाले पति को जान से मार देगा। इतना ही नहीं, उसने लड़की की मां को भी जान से मारने की धमकी दी। घबराई मां ने किसी तरह मोबाइल से मानिकपुर पुलिस चौकी को सूचना दी गई और पुलिस तत्काल हरकत में आई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपित को धरदबोच लिया।
एकतरफा प्यार और पहले भी मारपीट की शिकायत
जांच में सामने आया कि पीड़ित परिवार और आरोपित दोनों जांजगीर-चांपा जिले के एक ही गांव के निवासी हैं। इसी वजह से आरोपित का उनके घर आना-जाना था। इस दौरान वह नाबालिग लड़की से एकतरफा प्रेम करने लगा। पुलिस के अनुसार इससे पहले भी लड़की के इनकार करने पर आरोपित ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। बाद में पारिवारिक हस्तक्षेप के चलते आपसी राजीनामा हो गया था। इस बार आरोपित घरेलू चाकू लेकर पहुंचा और न केवल धमकाया, बल्कि आपत्तिजनक हरकतें भी कीं। पुलिस ने छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी का अपराध दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
जिले में पहले भी हो चुकी हैं प्रेम में हिंसा की घटनाएं
जिले में प्रेम के नाम पर हिंसा की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले एक युवक अपनी प्रेमिका को कोरबा ले आया था, जहां उरगा क्षेत्र के पास उसने प्रेमिका का गला रेत दिया और बाद में खुद भी आत्मघाती कदम उठा लिया। गंभीर रूप से घायल युवती को इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी, जबकि युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
बढ़ते हिंसक मामलों ने बढ़ाई पुलिस की चिंता
इसी तरह हाल के दिनों में कोरबा जिले में प्रेम संबंधों को लेकर दो और घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें नकारे जाने के बाद युवकों ने हिंसक रास्ता अपनाया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने समाज और पुलिस दोनों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्ती बरती जा रही है और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं की जाएगी।
