छत्तीसगढ़ में दो माओवादी ढेर, वहीं उड़ीसा में नक्सलियों ने ही अपने एक कमांडर की कर दी निर्मम हत्या

बीजापुर/सुकमा/ओडिशा। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में दो माओवादी मारे गए हैं, वहीं ओडिशा में माओवादी हिंसा से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 22 लाख रुपये के इनामी माओवादी कमांडर अन्वेष उर्फ रेनू की कथित तौर पर उसके ही संगठन के वांछित नेता ने हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अन्वेष पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण की तैयारी कर रहा था, इसी आशंका में उसे मार दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, कंधमाल जिला के डारिंगबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत पाकरी आरक्षित वन इलाके से अन्वेष का क्षत-विक्षत शव कब्र से बरामद किया गया। बुधवार को शव की खुदाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
कंधमाल के पुलिस अधीक्षक हरीश बीसी ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि राज्य के वांछित नक्सली नेता सुक्रू और उसके साथियों ने अन्वेष की हत्या उस समय कर दी, जब वह कुछ अन्य माओवादियों के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण की योजना बना रहा था।
पुलिस ने बताया कि अन्वेष मूल रूप से सुकमा जिला (छत्तीसगढ़) का निवासी था। वह केकेबीएन (कालाहांडी–कंधमाल–बौध–नयागढ़) डिवीजन का डिविजनल कमेटी सदस्य (DVCM) और सैन्य प्लाटून कमांडर था। उस पर 22 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।
आत्मसमर्पण से पहले ‘संगठन का संदेह’
पुलिस सूत्रों का कहना है कि संगठन को अन्वेष के आत्मसमर्पण की भनक लग गई थी। इसके बाद उस पर “विश्वासघात” का आरोप लगाते हुए उसकी हत्या कर दी गई। माओवादी संगठनों में आत्मसमर्पण की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के ऐसे मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
जांच तेज, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। हत्या में शामिल अन्य माओवादियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
छत्तीसगढ़ में दो माओवादी ढेर
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जांगला थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी के जंगलों में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं, वहीं मौके से एसएलआर, इंसास समेत अन्य हथियार और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है।
इस मुठभेड़ की पुष्टि जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने की है।
सूचना पर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन, नक्सलियों ने की फायरिंग
पुलिस के अनुसार जांगला थाना क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया। जैसे ही जवान मौके पर पहुंचे, नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए दो नक्सलियों को ढेर कर दिया।
भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च अभियान में जवानों को बड़ी सफलता मिली। घटनास्थल से एक एसएलआर, एक इंसास राइफल, एक 12 बोर बंदूक, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की कई वस्तुएं बरामद की गईं।
