ऑपरेशन सिंदूर में 3.50 करोड़ पाक नागरिकों की जान बचाने का ट्रंप ने किया दावा

वॉशिंगटन. अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने संसद के पटल पर दिए अपने ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन में अब तक का सबसे बड़ा दावा कर दुनिया को चौंका दिया है। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान हस्तक्षेप कर दक्षिण एशिया को परमाणु युद्ध से बचाया। ट्रंप के अनुसार, इस हस्तक्षेप के बिना कम से कम 3.50 करोड़ लोग मारे जाते।

ट्रंप ने कहा कि पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वीकार किया था कि अमरीका ने दखल न दिया होता तो भारी जनहानि हो सकती थी। ट्रंप का इशारा मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए चार दिवसीय सैन्य संघर्ष की ओर था। ट्रंप के बयान से साफ है कि पाकिस्तान पूरी तरह बैकफुट पर था और अमरीका से हस्तक्षेप की गुहार लगा रहा था।

इनकम टैक्स की जगह लेंगे ‘टैरिफ’ : ट्रंप ने अमरीकियों के लिए लुभावना वादा करते हुए कहा कि वे विदेशों से आयात पर टैरिफ’ (आयात शुल्क) से इतनी कमाई करेंगे कि अमरीका में ‘इनकम टैक्स’ की जरूरत ही नहीं रहेगी। उन्होंने टैरिफ को शांति स्थापित करने का हथियार भी बताया।

सदन में बताया पाक पीएम का कबूलनामा

उन्होंने पहली बार ऑन-रिकॉर्ड दावा किया कि पाकिस्तानी पीएम ने खुद कहा था कि मेरे हस्तक्षेप से पाकिस्तान के 3.50 करोड़ लोगों की जान बची। व्हाइट हाउस की वेबसाइट पर जारी भाषण में ट्रंप का यह बयान दर्ज किया गया है।

पीएम शरीफ को सता रहा था जान का खतरा

ट्रंप ने कल के भाषण में बोलते-बोलते एक जगह बिना रुके यह भी कह दिया कि अगर वह हस्तक्षेप न करते तो पाकिस्तानी पीएम मारे जाते। इससे भ्रम फैल गया कि ट्रंप 3.50 करोड़ लोगों की बात कर रहे हैं या अकेले पाक पीएम की।

पहले भी कर चुके लाखों जान बचाने का दावा, पर इतना बड़ा दावा पहली बार

‘ऑपरेशन सिंदूर’ खत्म होने के तुरंत बाद ट्रंप इसे रोकने और लाखों लोगों की जान बचाने का दावा करते आए हैं। जनवरी 2026 के मध्य में उन्होंने फ्लोरिडा की एक सभा में कहा कि पाकिस्तानी पीएम ने उन्हें 1 करोड़ लोगों की जान बचाने के लिए शुक्रिया कहा। लेकिन यह पहला मौका है कि जब ट्रंप ने 3.50 करोड़ जानों को बचाने का दावा किया है।

भारत करता है ट्रंप के दावों का खंडन

भारत ने आधिकारिक रूप से कहा है कि ट्रंप से ऑपरेशन सिंदूर को रोकने को लेकर कोई बात नहीं हुई। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर पाकिस्तानी सेना के डीजीएमओ लेवल के अधिकारी से मिले कॉल के आधार पर रोका था।

सबसे लंबा भाषण, हर 5 मिनट में एक झूठ

ट्रंप का 107 मिनट यह संबोधन अब. तक का सबसे लंबा स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन रहा। हालांकि, विपक्षी खेमे और फैक्ट-चेकर्स: ने बताया कि उन्होंने इस भाषण में 20 झूठ बोले। इस तरह हर 5 मिनट में एक झूठ परोसा गया।

Spread the word