ट्रैफिक नियमों का उल्लंघनः चलती स्कॉर्पियो से खतरनाक स्टंट, स्कूल स्टूडेंट्स का वीडियो वायरल

कोरबा 22 जनवरी। तीन स्कार्पियो में सवार स्कूली बच्चों द्वारा वाहन की खिड़की से आधा शरीर बाहर निकाल कर स्टंटबाजी की गई। इसमें कुछ लड़कियां भी शामिल रही। चलती कार में की गई इस स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जानकारी सामने आने के बाद भी पुलिस भी जांच में जुट गई है।

यह मामला बालको थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि एक स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों द्वारा फेयरवेल पार्टी का आयोजन ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक होटल में किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए काले रंग की तीन स्कार्पियों वाहन में विद्यार्थी होटल पहुंचे थे। इसके पहले कुछ विद्यार्थियों ने चलती स्कार्पियो वाहन की खिडकी से बाहर निकलकर रील बनाया, तो कोई विद्यार्थी सेल्फी लेते नजर आया।

इस दौरान लड़कियों ने भी विंडो से बाहर निकलकर अलग- अलग पोज दिए। होटल में आयोजित फेयरवेल पार्टी में शामिल होने के बाद सभी विद्यार्थी पुन: स्कार्पियो से घूमने निकल गए। तदुपरांत रील में कुछ पंजाबी गाना डाल कर किसी विद्यार्थी ने पूरा वीडियो इंस्टाग्राम में पोस्ट कर दिया। इसके साथ ही फेयरवेल पार्टी के दौरान कुछ विद्यार्थियों द्वारा केक काटने, डांस करने एवं सेल्फी लेने का भी वीडियों सामने आया है।

वीडियो के सामने आते ही कोरबा पुलिस भी सतर्क हो गई है। वीडियो में देिख रहे वाहन नंबर के आधार पर पुलिस मालिक की तलाश में जुट गई है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नही हो सका है कि विद्यार्थी किस स्कूल से आए थे। फेयरवेल पार्टी विद्यार्थियों द्वारा आयोजित की गई थी अथवा स्कूल प्रबंधन द्वारा आयोजित की गई।

कोरबा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी का कहना है कि प्रसारित वीडियो के आधार पर गाड़ी नंबर के जरिए मालिक की पहचान की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
यहां बताना होगा कि यातायात सुरक्षा माह का आयोजन पुलिस विभाग द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान पुलिस स्कूल में जाकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश के साथ जागरूक कर रही है, तो दूसरी तरफ स्कूली विद्यार्थी ही नियम तोड़ रहे हैं।

Spread the word