छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिले पहचानः विश्वेश शेरावत

खदान’ के सच को सामने लाने चल रही मांगामार में शूटिंग
कोरबा 09 जनवरी। कोयला खदान से प्रभावित आदिवासी क्षेत्रों के लोगों की जीवन शैली, संस्कृति और उनके संघर्षों को बड़े पर्दे पर उतारने जा रही फिल्म ‘खदान’ की शूटिंग इन दिनों कोयलांचल की खूबसूरत वादियों में कोरबा जिले के मांगामार पंचायत के मानिकपुर डैम के आसपास चल रही है। यह फिल्म आदिवासी प्रेम कहानी पर आधारित एक बेस्ट लव स्टोरी पर बड़े बजट की फिल्म है, जिसकी शूटिंग कोरबा जिले की प्राकृतिक सुंदरता के बीच की जा रही है।
फिल्म के डायरेक्टर विश्वेश शेरावत ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उनका बचपन छत्तीसगढ़ में बीता है, पहली कहानी हमेशा अपने घर और अपनी मिट्टी की होती है। उन्होंने बताया कि उनका सपना है कि छत्तीसगढ़ी भाषा और इसकी संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले और यहां के तौर-तरीकों को दुनिया के सामने सशक्त रूप से पेश किया जा सके।
डायरेक्टर शेरावत के निर्देशन में बन रही यह फिल्म छत्तीसगढ़ी और हिंदी दोनों भाषाओं में अगले वर्ष 2027 में रिलीज होगी। फिल्म में आदिवासी समाज के जीवन संघर्ष, प्रेम और संस्कृति को बेहद मार्मिक तरीके से दर्शाया गया है। फिल्म में बॉलीवुड के कई नामचीन कलाकार अभिनय कर रहे हैं, जिनमें ओंकार दास मानिकपुरी (ऑस्कर नॉमिनेटेड मंचन कलाकार), ‘फुलेरा पंचायत’ फेम चंदन राय, तन्मय धनमिया, छाया कदम, मेघा माथुर और अभिमन्यु कालरा जैसे लीडिंग कलाकार शामिल हैं। सभी कलाकार छत्तीसगढ़ी आदिवासी पृष्ठभूमि पर आधारित इस प्रेम कहानी के माध्यम से दर्शकों को रूबरू कराएंगे।
डायरेक्टर विश्वेश शेरावत का कहना है कि फिल्म मनोरंजन के साथ साथ छत्तीसगढ़ी लोकजीवन और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान दिलाने का प्रयास भी है। उन्होंने बताया कि इससे पहले उनकी बनाई शॉर्ट फिल्मों को कई राष्ट्रीय अवॉर्ड मिल चुके हैं। फिल्म की शूटिंग को देखने आसपास के अंचल से लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
