महिला ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

कोरबा 23 दिसम्बर। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत रूमगरा बस्ती में एक 33 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पारिवारिक अस्वीकृति और निजी तनाव के चलते महिला ने आत्मघाती कदम उठाया।
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान पुष्पा राठौर के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से सत्यम सोनी नामक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुष्पा एक बच्चे की मां थी, जबकि सत्यम सोनी के भी पूर्व विवाह से दो बच्चे हैं। सत्यम सोनी ने बताया कि पुष्पा राठौर मूल रूप से सक्ती की रहने वाली थी और उसने अपने पति से तलाक ले लिया था। वह पिछले चार वर्षों से सत्यम के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। सत्यम ने बताया कि पुष्पा पहले एनटीपीसी में अपने पति के साथ रहती थी और एक हर्बल कंपनी में जुड़ने के बाद उनकी मुलाकात हुई थी।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन घरेलू बातों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पुष्पा ने अपने मायके जाने की बात कही और फोन पर अपने पिता से संपर्क कर घर आने की अनुमति मांगी। पिता ने कथित तौर पर सामाजिक कारणों का हवाला देते हुए उसे घर आने से मना कर दिया। पिता से बातचीत के बाद पुष्पा मानसिक रूप से बेहद आहत हो गई। कुछ समय बाद कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों व संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
