खतरनाक लोनर हाथी ने खरही को पहुंचाया नुकसान, ग्रामीणों को किया अलर्ट

कोरबा 16 दिसम्बर। बिलासपुर वनमंडल के सीपत रेंज में एक सप्ताह तक विचरण करने के बाद खतरनाक लोनर हाथी अब पाली रेंज के खोंदरा जंगल होते हुए हाथीबाड़ी परिसर के ग्राम सोनाईपुर पहुंच गया है। खतरनाक हाथी के क्षेत्र में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने अलट जारी करते हुए ग्रामीणों से कहा है कि वे रात में जंगल की ओर न जाएं तथा घर में ही रहें। बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखें। क्षेत्र में मौजूद हाथी का वीडियो अथवा सेल्फी लेने की कोशिश न करें। ऐसा करना खतरनाक हो सकता है।

ज्ञात रहे लोनर हाथी ने सीपत रेंज में अपनी मौजूदगी के दौरान एक महिला पर हमला कर दिया था जिससे उसकी मौत हो गई थी। क्षेत्र में दहशत का माहौल था। हाथी एक सप्ताह तक यहां के जंगल में डेरा डालने के बाद आगे मूवमेंट किया और पाली रेंज के खोंदरा जंगल होते हुए पहले पोटापानी फिर बीती रात चौतमा रेंज के हाथीबाड़ी परिसर स्थित ग्राम सोनाईपुर पहुंच गया। हाथी ने यहां पहुंचते ही तीन ग्रामीणों के खलिहान में रखे धान की खरही को नुकसान पहुंचाया। तत्पश्चात् जंगल में डेरा डाल दिया है।

पीडित ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर वन अमला मौके पर पहुंचकर रात में लोनर द्वरा किए गए नुकसानी का आंकलन करने के साथ निगरानी में जुट गया है। वहीं आसपास के ग्राम में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सचेत करने का काम भी शुरू कर दिया है। इससे पहले दंतैल हाथी कोरबा जिले के कनकी क्षेत्र से छातापाठ जंगल पंतोरा पहुंचा था और वहां से होते हुए सीपत रेंज बिलासपुर पहुंच गया था। हाथी ने कटबितला गांव में भी एक ग्रामीण को घायल किया था। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक चूंकि लोनर हाथी काफी आक्रामक है, अतरू विभाग इसे लेकर विशेष सावधानी बरत रहा है। ग्रामीणों को जंगल न जाने की बार-बार चेतावनी दी जा रही है।

Spread the word