पत्नी की जगह पति के नाम से बना दिया राशनकार्ड, अब नाम परिवर्तन के लिए मांग रहे रिश्वत

कलेक्टर से शिकायत पर भी नहीं हुई कोई कार्रवाई
कोरबा। राज्य शासन ने सस्ते दर पर वितरित किए जाने वाले राशन के लिए परिवार के महिला सदस्य के नाम पर ही राशनकार्ड बनाने का निर्देश जारी किया है, लेकिन जनपद पंचायत कोरबा के ढेलवाडीह निवासी विकास कुमार के नाम पर राशनकार्ड बना दिया गया है। अब नाम बदलकर कार्ड को उसकी पत्नी के नाम पर बनाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।

विकास कुमार ने बताया कि उसने अपनी पत्नी के नाम पर राशनकार्ड बनाने के लिए आवेदन दिया था। मगर उसके स्वयं के नाम पर राशनकार्ड बना दिया गया है। राशनकार्ड वर्तमान में जनपद पंचायत कटघोरा में है।

प्रार्थी के अनुसार उसने कार्ड में अपना नाम देखा तो पंचायत सचिव पवन गुप्ता को नाम परिवर्तन के लिए आवेदन दिया, लेकिन उसने आवेदन पत्र में हस्ताक्षर कर अग्रेषित करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने जनपद पंचायत कटघोरा के सी ई ओ यशपाल सिंह को मामले की जानकारी देकर नाम में संशोधन करने का अनुरोध किया। परन्तु सी ई ओ ने भी उसकी सुनवाई नहीं की। विकास कुमार ने आरोप लगाया है कि उससे रिश्वत की मांग की जा रही है। रिश्वत नहीं देने के कारण सी ई ओ तथा पंचायत सचिव उसे चक्कर काटने के लिए मजबूर कर रहे हैं।विकास कुमार ने रिश्वत लेकर राशनकार्ड बनाए जाने का भी आरोप लगाया है।

इस संबंध में विकास कुमार ने एस डी एम कटघोरा और कलेक्टर कोरबा से भी की है। इस लिखित पर भी अब तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है। विकास कुमार ने अपनी शिकायत में पंचायत सचिव और जनपद सी ई ओ पर भी कार्रवाई की मांग की है।
आपको बता दे कि राज्य शासन ने सभी राशन कार्ड परिवार की महिला सदस्यों के नाम पर बनाए जाने का स्थाई आदेश जारी किया है। इसके बाद भी विकास कुमार की पत्नी की जगह उसके स्वयं के नाम पर राशनकार्ड बना दिया गया है, जो संबंधित लोगों की घोर लापरवाही को प्रदर्शित करता है। साथ ही यह मामला राज्य शासन के आदेश की अवहेलना और रिश्वतखोरी का भी है। कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होना कलेक्टर की सजगता और प्रशासनिक क्षमता पर प्रश्न चिन्ह लगाता है।
