शहर में चल रहे किसी भी विकास कार्य में नहीं की जाएगी लापरवाही बर्दाश्तः महापौर संजूदेवी

कोरबा 19 नवम्बर। नगर पालिका निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने पंप हाउस कॉलोनी वार्ड क्रमांक 16 में सडक चौड़ीकरण कार्य का औचक निरीक्षण किया। शाम लगभग 4 बजे महापौर अचानक कार्यस्थल पर पहुंचीं, जहां सडक चौड़ीकरण और मरम्मत का काम प्रगति पर था। उन्होंने कार्यस्थल पर उपस्थित अधिकारियों से कार्य की विस्तृत जानकारी ले निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। महापौर ने कार्यस्थल पर स्पष्ट निर्देश दिए कि सडक का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर में चल रहे किसी भी विकास कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गति और सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की।
महापौर ने अधिकारियों को कहा कि गुणवत्ताहीन कार्य पाए जाने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार बनने के बाद निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। शासन के निर्देश पर अधिकारी भी एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि भूमि-पूजन के बाद जनप्रतिनिधि व अधिकारी नियमित रूप से निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण कर कार्य की वास्तविक स्थिति का आंकलन कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान उप अभियंता सोमनाथ डहरे सहित नगर निगम की तकनीकी टीम उपस्थित रही। अधिकारियों ने महापौर को बताया कि सडक चौड़ीकरण का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाएगा और निर्माण में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी। महापौर ने टीम को नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सडक को मजबूत व सुरक्षित बनाने के निर्देश भी दिए।
