ओडिशा: नक्सलियों की गुप्त बंदूक फैक्ट्री का पता चला, पुलिस फोर्स ने बरामद की विस्फोटक और अन्य सामग्री

भुवनेश्वर: ओडिशा के मलकानगिरी जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर डीवीएफ (डिस्ट्रिक्ट वॉलंटियर फोर्स) के जवानों ने कालीमेला थाना क्षेत्र के धूमल और चिलकलामुडी रिजर्व फॉरेस्ट इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान टीम को आंध्र-ओडिशा सीमा पर सिलुरु थाना क्षेत्र में नक्सलियों की एक गुप्त बंदूक फैक्ट्री का पता चला।

छापेमारी के दौरान पुलिस को कई अर्धनिर्मित बंदूकें, हथियारों की मरम्मत के उपकरण और बंदूक निर्माण में उपयोग होने वाली पूरी सामग्री मिली। इसके अलावा, टीम ने नक्सलियों द्वारा छिपाई गई तीन बारूदी सुरंगें भी बरामद कीं, जिनका वजन क्रमशः तीन, दो और एक किलो बताया जा रहा है।

पुलिस ने मौके से पांच डेटोनेटर, कॉडेक्स वायर, वेल्डिंग मशीन, जनरेटर और वेल्डिंग रॉड जैसी सामग्रियाँ भी जब्त की हैं। बरामद सभी विस्फोटक और सामग्री को सुरक्षा बलों ने मौके पर ही नष्ट कर दिया, जबकि अन्य उपकरणों को जिला पुलिस कार्यालय में प्रदर्शित किया गया है।

मलकानगिरी पुलिस ने इस कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क पर बड़ा प्रहार बताया है। पुलिस का कहना है कि यह फैक्ट्री नक्सलियों के हथियार निर्माण और मरम्मत का मुख्य ठिकाना थी। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभियानों को आगे भी तेज़ किया जाएगा ताकि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों का पूरी तरह से सफाया किया जा सके।

छत्तीसगढ़ बीजापुर में भी विस्फोटक बरामद

सुरक्षा बलों की बड़ी कार्यवाही – भारी मात्रा में माओवादियों के द्वारा छुपा कर रखे गये विस्फोटक सामग्री बरामद।

इससे दो दिन पहले दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को ताड़पाला बेस कैम्प से कोबरा 206, केरिपु 229, 153 एवं 196 की संयुक्त टीम द्वारा KGH Foothills क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान अपरान्ह 15.00 बजे माओवादियों द्वारा छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री एवं बीजीएल बनाने की सामग्री बरामद की गई।

बरामद सामग्री का विवरण:-
⭕ 51 नग जिंदा बीजीएल
⭕ 100 बंडल एचटी एल्युमिनियम तार
⭕ स्टील पाइप 50 नग (बीजीएल निर्माण हेतु)
⭕ भारी मात्रा में बिजली का तार
⭕ 20 नग लोहे की शीट (बीजीएल निर्माण हेतु)
⭕ 40 नग लोहे की प्लेट (बीजीएल निर्माण हेतु)

सर्च अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से लगाए गए 05 नग प्रेशर IED बरामद किए गए, जिन्हें बीडी टीम की मदद से सुरक्षित रूप से नष्ट (Demolished) किया गया।

अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों की एक बड़ी साजिश को विफल किया है। बरामद की गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री एवं बीजीएल निर्माण सामग्री से यह स्पष्ट होता है कि माओवादी सुरक्षा बलों को गंभीर क्षति पहुँचाने की योजना बना रहे थे। सुरक्षा बलों की सतर्कता एवं प्रभावी कार्यवाही से माओवादियों के मंसूबों को विफल किया गया। क्षेत्र में लगातार गश्त सर्चिंग की कार्यवाही जारी है।

Spread the word