दिल्ली में आज सताएगी उमस भरी गर्मी, पंजाब में भारी बारिश का अलर्ट; हिमाचल में भूस्खलन से पांच की मौत

नई दिल्ली। दिल्ली में भारी बारिश के बाद अब सूरज फिर से आग फेंक रहा है जिस कारण दिन में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। यमुना का जलस्तर तेजी से घट रहा है। वहीं एक बार फिर दिल्ली में उमस भरी गर्मी का अहसास बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज से आने वाले तीन-चार दिनों में दिल्ली में पारा चढ़ने और गर्मी में इजाफा होने की संभावना है।

यूपी-बिहार में होगी भारी बारिश

उत्तर प्रदेश में 11 सितंबर से भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। बिहार में 13 सितंबर तक हल्की से भारी बारिश हो सकती है। पंजाब में अगले दो-तीन दिनों तक बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।

पंजाब में बांधों का जलस्तर घटा, पर वर्षा के अलर्ट ने बढ़ाई चिंता

पंजाब में नदियों का जलस्तर घटने से राहत मिली है, लेकिन 12 सितंबर तक वर्षा होने के अलर्ट ने चिंता बढ़ा दी है। सुकून की बात है कि हिमाचल में कम वर्षा के कारण राज्य के बांधों में जलस्तर लगातार कम हो रहा है। सतलुज, ब्यास व रावी नदियों में बांधों से छोड़े जा रहे पानी में भी कमी आ रही है, लेकिन राज्य में चार से पांच फीट तक पानी से घिरे गांवों के लोगों को कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।

फाजिल्का के गांव नूरशाह, दोना नानका में भी जलमग्न

फाजिल्का के गांव नूरशाह, दोना नानका में भी जलमग्न हैं। 12 गांवों को जोड़ने वाला कांवांवाली पुल पर भी अभी तेजी के साथ पानी बह रहा रहा है। इस कारण 12 गांवों का संपर्क आपस में टूटा है। नावों से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। सोमवार को राज्य में निजी स्कूलों व उच्च शिक्षण संस्थानों में स्कूल खुल गए, लेकिन जहां अभी बाढ़ से हालात गंभीर हैं वहां के स्कूल अभी बंद रहेंगे।

कुल्लू में भूस्खलन की चपेट में आए आठ लोग, पांच की मौत

हिमाचल प्रदेश में कुल्लू जिले के शमारनी गांव में सोमवार रात करीब डेढ़ बजे आठ लोग भूस्खलन की चपेट में आ गए। पांच लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई। तीन घायलों को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के सदस्यों व ग्रामीणों ने निकाल लिया। तीनों घायलों को नागरिक अस्पताल निरमंड ले जाया गया। वहां से उन्हें रामपुर अस्पताल रेफर किया गया।

Spread the word