एसईसीएल मकान में रिटायर्ड कर्मचारी के घर चोरी

कोरबा 09 सितंबर। एसईसीएल मेन रोड कोरबा स्थित रिटायर्ड कर्मचारी के घर में चोरी की वारदात सामने आई है। चोरी डीएव्ही पब्लिक स्कूल के सामने रहने वाले रमाकांत शर्मा के मकान में हुई। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और तीन आलमारियां तोड़ डालीं।

मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, रमाकांत शर्मा सी-54 क्वार्टर में रहते हैं। वे दो महीने पहले ही एसईसीएल मानिकपुर खदान से फिटर पद से रिटायर हुए हैं। उनकी पत्नी भी घर पर रहती हैं। दोनों बच्चे पुणे में नौकरी करते हैं। दंपती अपने बच्चों से मिलने पुणे गए हुए थे।

इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने घर पर धावा बोल दिया और सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़कर ले गए। पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा तो पुलिस को सूचना दी। साथ ही मकान मालिक को वीडियो कॉल कर मामले की जानकारी दी।

मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। मकान मालिक के लौटने के बाद ही चोरी गए सामान और उनकी कीमत का पता चल सकेगा। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Spread the word