नगर निगम का अतिक्रमण हटाने निकला अमला, मेयर के हस्तक्षेप के बाद बालको से बैरंग वापस

कोरबा। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय कुछ दिन पहले अपने दल बल के साथ बालको क्षेत्र के भ्रमण पर पहुंचे हुए थे। जहां उन्होंने चौक पर भारी जाम और अतिक्रमण को देखा । इसके बाद उन्होंने वहां के व्यापारियों को हटाने का निर्देश निगम के कर्मचारियों को दिया । निगम के कर्मचारियों ने आदेश का पालन करते हुए दुकानदारों को नोटिस जारी करते हुए स्थान को खाली करने को कहा । लेकिन जब कोई हटने को तैयार नही हुआ तो बुधवार की सुबह निगम का तोड़ो दस्त अवैध कब्जा को हटाने के लिए परसा भाठा चौक पहुंचा और कार्यवाही शुरू की तो व्यापारियों ने जमकर हंगामा मचाना शुरू कर दिया और महापौर संजू देवी राजपूत से अतिक्रमण न हटाने की गुहार लगाई । शिकायत के बाद महापौर तत्काल मौके पर पहुच गईं और कार्यवाही रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने जब देखा कि निगम के ही कर्मचारी अतिक्रमण को हटाने पहुंचे हैं तो महापौर ने गाड़ी से भी उतरना मुनासिब नहीं समझा और वहीं से निर्देश देकर चली गई। इसके बाद निगम का अमला लौट गया।
बालको का परसाभाटा बाजार चौक में चारों तरफ छोटे बड़े दुकानें लगी हुई है जिससे सड़कों की चौड़ाई कम हो गई है। बड़े एवं भारी वाहनों का दबाव दिन भर बना रहता हैं। आए दिन इस मार्ग में दुर्घटनाएं होती रहती है। बाजार के दिनों में स्थिति और भी गंभीर बनी रहती है। वर्षों पहले बना आजाद चौक आज गुमनाम हो चुका है, जिसे अतिक्रमण ने जकड़ रखा है। बालको के लोग भी जाम से आजादी चाहते है।
