सीनियर क्लब में हुआ तीन दिवसीय राज्य स्तरीय रेटेड चेस चौंपियनशिप का आगाज

अंतरराष्ट्रीय रेटिंग वाले खिलाड़ी भी कर रहे शिरकत
कोरबा 22 अगस्त। राज्य स्तरीय अंडर 17 और 19 फीडे (अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ) रेटेड चेस चौंपियनशिप की शुरुआत शहर के सीएसईबी स्थित सीनियर क्लब में हुई। अंडर-17 और अंडर 19 कैटेगरी के चेस खिलाड़ी 22 जिलों से यहां जुटे हैं। 3 दिनों तक चलने वाले चेस चौंपियनशिप में करीब 200 महिला और पुरुष वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय रेटिंग वाले खिलाड़ी भी शिरकत कर रहे हैं। कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है।
अच्छी बात यह है कि शतरंज संघ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाडियों को अंतरराष्ट्रीय रेटिंग मिलेगी। जिले में आयोजित राज्य स्तर की प्रतियोगिता में 199 खिलाड़ी हैं। दोनों को मिलाकर महिला पुरुष वर्ग में कुल 6 खिलाड़ी ही आगे चुने जाएंगे। जो राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलेंगे।
