खालिस्तान समर्थक आतंकियों पर एक्शन: FBI ने 8 को गिरफ्तार किया, अपहरण और हथियार तस्करी समेत दर्ज हैं कई मुकदमे

अमरीका. भारत से फरार होकर अमरीका में छिपे बैठे खालिस्तानी आतंकियों और गैंगस्टर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। एफबीआई निदेशक काश पटेल की पहल पर शुरू ऑपरेशन ‘समर हीट इनिशिएटिव’ के तहत अमरीका के विभिन्न हिस्सों से आठ खालिस्तानी आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा भारत में वान्टेड पवित्र सिंह बटाला भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में दिलप्रीत सिंह और पवित्र सिंह उर्फ पवित्र बटाला के खिलाफ रेडकार्नर नोटिस जारी हुआ था।

बटाला पंजाब का एक गैंगस्टर है और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के इशारे पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए वांछित है। यह कार्रवाई 11 जुलाई 2025 को एक सुनियोजित ऑपरेशन के तहत की गई, जिसमें स्टॉकटन, मंटेका, स्टानिस्लॉस काउंटी पुलिस की रोकथाम टीमें और एफबीआई की स्पेशल यूनिट शामिल थीं। एक गैंग से जुड़े अपहरण और टॉर्चर के मामले में शुरू इस कार्रवाई में भारत के भगोड़े आतंकी और गैंगस्टर भी पकड़े गए। इनसे बड़ी संख्या में घातक हथियार बरामद किए गए हैं।

इन 8 को किया गिरफ्तार

दिलप्रीत सिंह, अर्शप्रीत सिंह, अमृतपाल सिंह, विशाल (पूरा नाम उजागर नहीं किया गया), पवित्र सिंह उर्फ पवित्र बटाला, गुरताज सिंह, मनप्रीत रंधावा, सरबजीत सिंह।

भारत में वान्टेड है बटाला

इन गिरफ्तारियों में सबसे अहम नाम है पवित्र सिंह उर्फ पवित्र बटाला, जो पंजाब पुलिस और एनआइए के लिए मोस्ट वांटेड अपराधी है। कभी गुरदासपुर के बटाला में पवित्तर‑चौरा गैंग चलाता था। पंजाब में उसने न केवल थानों पर ग्रेनेड हमले करवाए बल्कि अवैध हथियारों की खेप व रंगदारी की वारदात में भी शामिल रहा।

अमरीका में अवैध तरीके से दाखिल

भारतीय खुफिया एजेंसियों के मुताबिक ये सभी आरोपी अमरीका में अवैध तरीके से दाखिल हुए।

6 महीने पहले पुलिस ने कराया था पवित्र का रेडकार्नर नोटिस

पंजाब के माझा क्षेत्र में हत्या, हत्या प्रयास, हथियारों की तस्करी और वसूली के मामलों में शामिल पवित्र सिंह उर्फ पवित्र बटाला को एफबीआई ने अमेरिका में गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ करीब छह माह पहले बटाला पुलिस ने रेडकार्नर नोटिस जारी कराया था।

पवित्र सिंह अमृतसर पुलिस जिले में 6 और बटाला पुलिस जिले में दर्ज 2 मामलों में वांटेड है। पवित्र सिंह उर्फ पवित्र बटाला बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा हुआ है। वह खालिस्तानी आतंकी लखबीर सिंह रोडे के साथ मिलकर आतंकी गतिविधियां चला रहा था।

Spread the word