कोयला घोटाला: सूर्यकांत तिवारी का फरार भाई नवनीत तिवारी चढ़ा ई. ओ. डब्ल्यू. के हत्थे

रायपुर. ईओडब्ल्यू ने 570 करोड़ रुपए के अधिक के कोयला घोटाले के मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी के भाई नवनीत तिवारी को रविवार को गिरफ्तार किया। उसे अवकाशकालीन कोर्ट में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया है। सोमवार को विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।

इस हाईप्रोफाइल मामले में ईडी द्वारा आरोपी बनाए जाने के बाद 2022 से फरार चल रहा था। इस घोटाले में जेल भेजे गए सूर्यकांत तिवारी ने अपने चचेरे भाई नवनीत को रायगढ़ जिले में कोल लेवी की अवैध वसूली करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। ईडी की इस घोटाले में इंट्री होते ही लगातार गिरफ्तारी का सिलसिला शुरू होते ही वसूली के खेल को समेट लिया गया था। पकड़े जाने के डर से नवनीत सहित अन्य आरोपी फरार हो गए थे। उनकी तलाश करने के लिए ईडी ने लगातार छापेमारी की। मगर कोई सुराग नहीं मिलने पर गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था।

सिंडिकेट का खुलासा

ईओडब्ल्यू के अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में कोयला कारोबार से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम और पैसे के लेन-देन की जानकारी मिलने की उम्मीद है। इस घोटाले में ईडी भी नवनीत तिवारी की तलाश थी। गिरफ्तारी को एक बड़ी कड़ी की वापसी के रूप में देखा जा रहा है। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर संदेह के दायरे में आने वालों को तलब किया जाएगा।

Spread the word