मादक पदार्थो का सेवन कर नशे में धुत कुछ बदमाशों ने की मारपीट और लूटपाट की कोशिश-एक कथित आरोपी गिरफ्तार

कोरबा 27 जून। कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दादर में मादक पदार्थो का सेवन कर नशे में धुत बाइक सवार बदमाशों ने दो युवकों से मोबाइल और नगदी लूटने का प्रयास किया। इस दौरान पीड़ित युवक ने हिम्मत दिखाते हुए एक कथित आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य कथित आरोपी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए एक कथित आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं फरार दो की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार दादर निवासी दिवाकर कुमार प्रजापति और सूरजपुर निवासी करण सिंह के साथ घटना घटी है। करण सिंह दादर स्थितएक कंपनी में सुपरवाइजर है। दिवाकर और करण दोनों साथ में बाइक से जा रहे थे, दोनों मरकाम बाजार रोड स्थित विद्युत सब स्टेशन के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर आए। नशे में धुत तीनों युवकों ने पहले पैसों की मांग की, जब दिवाकर ने पैसे देने से इंकार किया तो वो उनसे मारपीट करते हुए एक युवक का मोबाइल छीन लिया। इसी दौरान उसने हिम्मत दिखाते हुए बाइक चला रहे एक कथित आरोपी से भिड़ गया और उसकी बाइक की चाबी छीन ली, जिससे दो अन्य मौके से भाग निकले।
जिसके बाद तत्काल करण ने तुरंत मानिकपुर पुलिस को इस घटना की सूचना दी। जहां पुलिस मौके पर पहुंची और उक्त कथित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए कथित आरोपी मानिकपुर निवासी से बाइक सहित फोन जब्त किया गया है। बदमाशों की बाइक के आगे नंबर प्लेट नहीं थी और पीछे की नंबर प्लेट पर कपड़ा बांधा हुआ था। पकड़े गए कथित आरोपी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
