कोरबा 22 जून। सक्षम समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल की कोरबा जिला इकाई द्वारा संवेदना ब्लड बैंक, निहारिका में सक्षम स्थापना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि बी.डी. शर्मा एवं अन्य अतिथियों द्वारा भारत माता एवं अष्टावक्र के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना और संगठन मंत्र के सामूहिक वाचन से हुई।

सक्षम जिला संयोजक लोकनाथ सेन ने उपस्थितजनों को संगठन की स्थापना, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सक्षम का गठन 20 जून 2008 को हुआ था और यह दिव्यांगता के सभी 21 प्रकारों पर काम करने वाला राष्ट्रीय संगठन है। संगठन सात प्रकोष्ठों धीमही, चेतना, दृष्टि, प्रणव, चरैवेति, सविता, प्राणदा के माध्यम से सेवाएं देता है। महिला, युवा, कला, खेल, रोजगार, अनुसंधान और एडवोकेसी जैसे सात आयामों में काम कर दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास का प्रयास किया जाता है।

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग मित्र योजना, सदस्यता अभियान और 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना पर प्रकाश डाला गया। शा.पू.मा.शा. अमलडीहा में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में कुल 38 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें नेहा कश्यप (प्रथम), हेमा (द्वितीय) एवं नीतू चौहान (तृतीय) स्थान पर रहीं, जिन्हें सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संवेदना ब्लड बैंक संचालिका श्रीमती ज्योति श्रीवास ने सिकलसेल, थैलेसीमिया और हीमोफिलिया जैसे रक्तविकारों की जानकारी दी। नेत्र विशेषज्ञ डॉ. वीणा अग्रवाल ने दृष्टिबाधित दिव्यांगता और नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को स्पष्ट किया। शिक्षक ज्ञानदास महंत और श्रीमती रोमा कूजूर ने जमीनी स्तर की चुनौतियों और सामाजिक भ्रांतियों की जानकारी साझा की।

विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री राजनारायण गुप्ता ने कहा कि सक्षम एक श्रेष्ठ उद्देश्य के साथ कार्य कर रहा है, जो समाज के लिए अनुकरणीय है। मुख्य अतिथि बी.डी. शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा, “नर सेवा ही नारायण सेवा है और दिव्यांगजनों की सेवा सर्वोच्च सेवा है।” उन्होंने सक्षम के माध्यम से आगे और भी अधिक दिव्यांग हितैषी कार्य करने की बात कही और सबको संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में दिव्यांगजन हित में सुझाव अंतर्गत तहसील स्तर पर समिति गठन, दिव्यांग विद्यालयों से समन्वय, सरकारी कार्यालयों में विशेष काउंटर, दिव्यांग योजनाओं की व्यापक जानकारी, रोजगार में 10ः अधिक वेतन की मांग आदि प्रस्तुत किए गए।

इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई, जिसके अंतर्गत संरक्षक डॉ. वीणा अग्रवाल, अध्यक्ष श्रीमती ज्योति श्रीवास, उपाध्यक्ष श्रीमती वीणा राही, सचिव लोकनाथ सेन, सह सचिव ज्ञानदास महंत, कोषाध्यक्ष मेशराम पटेल, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र श्रीवास को बनाया गया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. वीणा अग्रवाल, श्रीमती ज्योति श्रीवास, श्रीमती रोमा कूजूर और ज्ञानदास महंत को उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में जिला अध्यक्ष श्रीमती ज्योति श्रीवास ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया और जिला सचिव द्वारा कल्याण मंत्र का पाठ कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

Spread the word