मासूम के शव के साथ घंटों कार में घूमते रहे आरोपी.. पुलिस की सघन नाकेबन्दी और पीछा करने के बाद पकड़ाए..

बलौदा थाना क्षेत्र के बछौद मार्ग पर एक्सिडेंट के बाद कार सवार इलाज़ कराने की बात कह कर 6 वर्षीय बच्ची को अपने साथ ले गए..अब कोरबा जिले में कार में बच्ची का शव मिला है…

कोरबा। जिले में 6 वर्षीय एक बच्ची का शव हरदीबाजार क्षेत्र में एक कार से मिला है। मासूम के शव के साथ घंटों तक गाड़ी में घूमते रहे आरोपी, पुलिस की सघन नाकेबंदी और पीछा करने के बाद आखिरकार पकड़े गए। पकड़े गए युवक कह रहे है कि उनकी कार से बच्ची टकरा गई थी और इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बछौद मार्ग पर बीती शाम कार सवारों ने 6 वर्षीय पूनम पटेल को टक्कर मार दी थी। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद किसी परिजन के नहीं होने की स्थिति में आरोपी युवकों ने खुद को मददगार दर्शाते हुए मासूम को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की बात कही। लेकिन इसके बाद वे मासूम को लेकर फरार हो गए।

बच्ची का पता न चलने पर घबराए परिजन

परिजनों ने जब नजदीकी अस्पतालों में बच्ची का पता लगाया तो ऐसा होना नहीं पाया, तो खोजबीन शुरू की गई। साथ ही पुलिस को गुमशुदगी और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि बच्ची की मौत टक्कर के तुरंत बाद हो गई थी, लेकिन आरोपी डर के चलते शव के साथ इधर-उधर घूमते रहे। इतना ही नहीं, शव की दुर्गंध न फैले इसके लिए कार में पूरी रात एसी चलाकर रखा गया।

पुलिस को देख भागे

इस पूरे मामले में हरदीबाजार पुलिस ने चपलता दिखाते हुए भिलाई बाजार के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने भागने का प्रयास किया। संदेह बढ़ने पर पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोका और तलाशी में बच्ची का शव बरामद किया गया।

पुलिस कर रही सूक्ष्म जांच

गंभीर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस ने कार और आरोपी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई और साजिश भी है। मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी बुलाया गया है।


मृतका की पहचान बछौद निवासी बिट्टू पटेल की पुत्री पूनम पटेल (6 वर्ष) के रूप में हुई है। परिवार में मातम पसरा है और पूरे क्षेत्र में गुस्से का माहौल है।


मामले की जांच जारी है, और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है। पुलिस आरोपी कार चालक देवेंद्र प्रसाद वर्मा को गिरफ्तार कर घटना की गहन जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया है, साथ ही फोरेंसिक टीम भी पड़ताल कर रही है।

Spread the word