अडानी पॉवर प्लांट में मिट्टी धंसने से एक मजदूर की मौत

कोरबा 25 मई। उरगा थाना क्षेत्र के पताढ़ी गांव में स्थित अडानी पॉवर प्लांट में शनिवार को मिट्टी धंसने से एक मजदूर की मौत हो गई। 30 वर्षीय सतीश शांडिल्य, जो कि कापन का निवासी था, मिट्टी धंसने की घटना में मौत की भेंट चढ़ गया। वह ठेका कंपनी के जरिए वेल्डिंग हेल्पर के रूप में प्लांट में काम कर रहा था।
मजदूरों का आरोप है कि प्लांट में सुरक्षा नाम की कोई चीज नहीं है। मजदूर बिना सेफ्टी गियर, बिना प्रशिक्षण और बिना निगरानी के खतरनाक निर्माण स्थलों पर झोंक दिए जाते हैं। ऐसे में कहना गलत नहीं है कि सतीश की मौत एक हादसा नहीं, मुनाफे की हवस में की गई हत्या है। अडानी समूह ने आठ महीने पहले 4200 करोड़ में लैंको अमरकंटक पॉवर प्लांट खरीदा, और तब से यहां निर्माण कार्य अंधाधुंध तेजी से चल रहा है। लेकिन मुनाफा कमाने की होड़ में मजदूरों की सुरक्षा और जीवन को खुलकर कुचला जा रहा है। साथी मजदूरों ने बताया कि जिस जगह सतीश काम कर रहा था, वहां पहले से मिट्टी धंसने की आशंका थी। लेकिन प्रबंधन ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया। मिट्टी में दबने के करीब आधे घंटे बाद सतीश को निकाला गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों और साथी मजदूरों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
मजदूरो ने चेताया है कि यदि दोषियों पर आपराधिक मामला दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई और मृतक के परिजन को मुआवजा व प्लांट में परमानेंट नौकरी नहीं दी गई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
