रेत तस्करों के कारण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क हो रहे जर्जर, ग्राम झींका की सड़क को पहुंची क्षति, कभी भी हो सकता है गंभीर हादसा, देखिए वीडियो

कोरबा 16 मई। गुरुवार को जिला खनिज अधिकारी यू पी खूंटे ने रेत माफिया के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों से अवैध रेत और रेत की तस्करी में उपयोग किये जा रहे मशीन तथा वाहनों की जब्ती की कार्रवाई की। इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय रेत तस्करों में हड़कंप मच गया। लेकिन इसका एक गंभीर पहलू यह भी सामने आया है, कि बरपाली तहसील के ग्राम झींका से रेत की तस्करी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क के रास्ते की जा रही थी, जो भारी वाहनों के चलने से जर्जर होने लगी है।

आपको बता दें कि कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण की प्राप्त शिकायतों की जांच एवं क्षेत्र भ्रमण के दौरान बरपाली तहसील अंतर्गत ग्राम झींका में कार्रवाई करते हुए खनिज के अवैध भंडारण प्रकरण में खनिज रेत, 01 नग चैन माउंटेन मशीन तथा रेत के अवैध परिवहन में 01 हाईवा जप्त किया गया। इसी कड़ी में भैसमा तहसील अंतर्गत ग्राम कुदमुरा में खनिज के अवैध भंडारण प्रकरण में मौके से रेत, दर्री तहसील अंतर्गत ग्राम झोरा में रेत के अवैध उत्खनन प्रकरण में 02 नग चैन माउंटेन मशीन, उरगा क्षेत्र में खनिज के अवैध परिवहन में गिट्टी के 02 हाईवा, रेत के 01 टिप्पर व 02 ट्रेक्टर, कोरबा क्षेत्र में रेत में अवैध परिवहन में 01 ट्रेक्टर कुल 10 वाहन/मशीन खनिज अधिनियम के तहत कार्यवाही कर जप्त किया गया है। इससे पहले भी माइनिंग विभाग द्वारा दो अलग अलग कार्रवाई में क्रमशः 10 वाहन और 20 वाहन यानी कुल 30 वाहन जप्त किये गये थे। जबकि गुरुवार को 10 वाहन जप्त किये गये। खनिज विभाग द्वारा अवैध परिवहन एवं भंडारण पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग की इस कार्रवाई के बीच एक गंभीर जानकारी और सामने आई है। ग्राम झीका से रेत की तस्करी का कारोबार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क से की जा रही थी। ग्रामीणों के अनुसार लम्बे समय से झीका में पक्की सड़क की मांग की जा रही थी। कुछ अर्सा पहले ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से सड़क का निर्माण किया गया है। लेकिन इसके कुछ दिन बाद ही रसूखदार रेत तस्कर की नजर यहां की रेत पर पड़ीं। उसने कथित रूप से सत्तारूढ़ दल के किसी प्रभावशाली नेता के संरक्षण का प्रचार कर यहां से अवैध रेत उत्खनन और तस्करी प्रारम्भ कर दी।

शुक्रवार को ग्राम झीका का प्रवास करने पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क पर दूर दूर तक रेत बिखरा नजर आएगा। दरअसल जिन वाहनों से रेत की तस्करी की जाती है उनसे सड़क पर चलते समय रेत झरता है। यही रेत सड़क पर बिखरा हुआ मिला। सड़क पर बिखरे रेत की वजह से जहां दो पहिया वाहनों के स्लिप होकर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है, वहीं सड़क भी जर्जर हो रही है। आश्चर्य नहीं यदि पहली बारिश में ही यह सड़क गड्ढों में बदल जाये। इसके ग्रामीणों को एक बार फिर वर्षों तक आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कों पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध है। बावजूद इसके कोरबा जिले की कई महत्वपूर्ण प्रधानमंत्री सड़क पर खुल कर भारी वाहनों का आवागमन होता है। लेकिन यातायत पर नियंत्रण की कोई व्यवस्था नहीं होती। फलतः प्रधानमंत्री सड़क पर बेरोकटोक भारी वाहन चलते हैं, जिससे सड़कें जल्द ही खराब हो जाती हैं। दूसरी ओर गारंटी के बाद भी निर्माण एजेंसी सड़कों का रख रखाव नहीं करती। ग्रामीणों का कहना है कि जिला प्रशासन को प्रधानमंत्री सड़क पर भारी वाहनों के अवैध संचालन पर भी रोक लगाना चाहिए।
