एनएच में एक्सपांशन प्वाइंट पर जल भराव की समस्या, बना दुर्धटना का खतरा

कोरबा 19 अपै्रल। कटघोरा से अंबिकापुर मार्ग पर स्थित नेशनल हाइवे 130 में गुरसिया पर हादसे का दौर जारी है। एक्सपांशन प्वाइंट में सीपेज के कारण आए ब्रेक के चक्कर में कई प्रकार की दिक्कतें खड़ी हो रही है। एक दिन पहले हुई बारिश से यहां जल भराव के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

काफी समय से एनएच पर यह समस्या कायम है। इसकी सुधार के लिए दावे हो रहे हैं लेकिन हालात जस के तस हैं। हल्की बारिश ने ही सडक की जर्जर स्थिति की पोल खोल दी है। अगर यही हाल गर्मी में है तो मानसून में हालात कितने भयावह होंगे, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है। सडक के कई हिस्से बुरी तरह डेमेज हो चुके हैं, जिससे रोजाना दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। शुक्रवार को एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सडक के बीचोंबीच टेढ़ा हो गया, जिससे कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। ट्रेलर को साइड में किए जाने के बाद ही यातायात सुचारू हो सका।

विशेष रूप से पोड़ी उपरोड़ा के समीप लाल घाट के पास हर साल बरसात में पानी भर जाने की समस्या सामने आती है। पानी भरने से सडकों पर जाम लग जाता है, और कई बार गंभीर दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। हैरानी की बात यह है कि इस बार गर्मी की पहली ही बारिश में यहां पानी भर गया, जिससे स्थिति फिर तनावपूर्ण हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां बनी दीवार के नीचे जल निकासी के लिए बनाए गए छेद पूरी तरह से कचरे से जाम हो चुके हैं। यदि समय रहते इन छेदों की सफाई कर दी जाए, और जरूरत पडने पर उन्हें बड़ा आकार दे दिया जाए, तो पानी की निकासी की समस्या काफी हद तक हल हो सकती है। जनता की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द सडक मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था पर ध्यान दे, ताकि मानसून के पहले ही यह क्षेत्र एक बार फिर से जानलेवा ट्रैफिक जाम और हादसों की चपेट में न आ जाए।

Spread the word