आयोजित हनुमान चालीसा पाठ में नवनिर्वाचित महापौर हुई शामिल

कोरबा 19 फरवरी। कोरबा अंचल के पुराना बस स्टैंड में स्थापित मनोकामना सिद्ध श्री राम हनुमान मंदिर में प्रति सप्ताह मंगलवार को आयोजित हो रहे हनुमान चालीसा पाठ व आरती में भाजपा की नवनिर्वाचित महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने भगवान राम-हनुमान के दरबार मे मत्था टेका। तद्पश्चात नगरजनों के साथ बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और आरती में शामिल हुईं।
इस दौरान उन्होंने आयोजकों की तरफ से चयनित नियमित पाठकर्ताओं को पुस्तिका व छायाचित्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर भगवान का भोग प्रसाद नवनिर्वाचित महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की ओर से लगाया गया। साथ ही उनके द्वारा प्रसाद का वितरण उपस्थित भक्तजनो को किया गया। आयोजन प्रमुख ने बताया कि इससे पूर्व मंदिर से जुड़े लोगों के द्वारा नवनिर्वाचित महापौर का पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत सम्मान किया गया। महापौर ने अनवरत प्रति मंगलवार किये जा रहे चालीसा पाठ और इससे नगरजनों के जुड़ाव को सराहनीय बताते हुए कहा कि अपने धर्म-संस्कार से जुड़ाव सदैव रहना चाहिए। आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं भी महापौर ने दी।
