कर्नाटक में गरमाई राजनीति: कांग्रेस ने नेता विपक्ष नारायणस्वामी के घर भेजे चाकू, भाजपा ने पुलिस से की शिकायत

बेंगलुरु। कर्नाटक में भाजपा ने विधान परिषद में विपक्ष के नेता चालवाड़ी नारायणस्वामी के आवास पर चाकू और खंजर भेजने की कथित कोशिश को लेकर कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन एनएसयूआइ पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

भाजपा नेताओं का दावा है कि संगठन के 8-10 कार्यकर्ताओं ने क्विक-कामर्स प्लेटफार्म के जरिये चाकू, खंजर और अन्य घातक वस्तुएं मंगाईं और फिर नारायणस्वामी के घर के बाहर पहुंचकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। पार्टी ने शनिवार को बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह से मिलकर इस मामले में शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र, विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक, नारायणस्वामी और पार्टी के कुछ विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को शिकायत सौंपी।

इसमें आरोप लगाया गया है कि एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने कई मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर घातक सामान मंगाया। इसके बाद वे नारायणस्वामी के आवास के पास पहुंचे और घर के मुख्य द्वार को घेर लिया। भाजपा का कहना है कि इस घटनाक्रम से वहां भय और धमकी का माहौल पैदा हुआ।

Spread the word