रावण दहन के बाद युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला, हालत नाजुक; सिम्स बिलासपुर रेफर

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रावण दहन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। लेमरू थाना क्षेत्र के खैरभवना गांव में रात करीब 2 बजे अज्ञात हमलावर ने युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
लाइट बंद होते ही स्टेज के पीछे गया था युवक
जानकारी के मुताबिक, सतरेंगा निवासी राकेश कंवर अपने भाई राजू कंवर के साथ गुरुवार रात खैरभवना गांव में आयोजित रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने पहुंचा था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सांस्कृतिक आयोजन चल रहा था। इसी दौरान रात करीब 2 बजे अचानक बिजली चली गई।
बताया जा रहा है कि इसी बीच राकेश स्टेज के पीछे अंधेरे की ओर गया था। तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गर्दन पर वार लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।
पुलिस आरक्षक की नजर पड़ी तो अस्पताल पहुंचाया
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत लेमरू थाना पुलिस की तैनाती की गई थी। इसी दौरान एक आरक्षक की नजर घायल अवस्था में पड़े राकेश पर पड़ी। पुलिसकर्मी तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू लेकर पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया। यहां से भी उसकी स्थिति में सुधार नहीं होने पर बेहतर उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर भेज दिया गया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
भाई ने कहा- कार्यक्रम में किसी से नहीं हुआ था विवाद
घायल राकेश के छोटे भाई राजू कंवर के मुताबिक, रावण दहन या सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान उनके परिवार का किसी से कोई विवाद नहीं हुआ था। उसे इस बात की जानकारी भी नहीं है कि उसके भाई पर किसने और किस वजह से हमला किया। अचानक हुई इस वारदात से परिवार के लोग सकते में हैं।
अज्ञात हमलावर के खिलाफ केस दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि रावण दहन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है।
मानिकपुर दशहरा मैदान में भी चाकूबाजी में हुई थी युवक की मौत
गौरतलब है कि कोरबा जिले में सार्वजनिक उत्सव के दौरान चाकूबाजी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दशहरा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला किया गया था। इस घटना में युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने उस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
खैरभवना गांव में हुई ताजा वारदात के बाद सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और असामाजिक तत्वों की मौजूदगी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।
