पोते ने की 65 वर्षीय दादी की हत्या, खाट के पाए से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार; शव के पास बैठकर पिता को किया फोन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गलत संगत से बचाने और देर रात घर से बाहर घूमने से रोकने पर एक पोते ने अपनी ही 65 वर्षीय दादी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने घर में रखे खाट के पाए से बुजुर्ग महिला के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी कमरे में दादी के शव के पास बैठा रहा और खुद फोन कर अपने पिता व रिश्तेदार को वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी का है।

दादी के साथ रहता था पोता, माता-पिता काम के सिलसिले में थे बाहर

पुलिस के अनुसार, ग्राम लोहर्सी के सतनामीपारा निवासी नरबदा कोशले अपने पोते मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले के साथ रहती थीं। उनके पति तिरिथराम का पहले ही निधन हो चुका था। वहीं, उनका बेटा साजन कोशले परिवार के साथ रोजी-रोटी कमाने के लिए उंटी गया हुआ था। ऐसे में घर में दादी और पोता ही रहते थे।

बताया जा रहा है कि माता-पिता के बाहर रहने के दौरान बब्बू अक्सर देर रात तक घर से बाहर घूमता रहता था। उसकी इस आदत से दादी परेशान थीं। वह उसे गलत संगत से बचाने के लिए समझाती थीं और रात में बाहर जाने से मना करती थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

रात में बाहर जाने से रोका तो खाट के पाए से कर दी हत्या

बीती रात भी नरबदा कोशले ने अपने पोते को देर रात घर से बाहर जाने से रोका। रोज-रोज की रोक-टोक से नाराज बब्बू ने अपना आपा खो दिया। गुस्से में उसने घर में रखे खाट के पाए को उठाया और दादी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद शव के पास बैठा रहा आरोपी, पिता को खुद किया फोन

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। वह दादी के शव के पास ही बैठा रहा। इसके बाद उसने अपने पिता साजन कोशले और दादी के भाई भगवत महिलांगे को फोन किया।

फोन पर आरोपी ने खुद दादी की हत्या करने की बात स्वीकार की। उसने हत्या की वजह बताते हुए कहा कि दादी उसे रोज रात में बाहर घूमने जाने से रोकती थीं।

खिड़की से अंदर देखा तो पड़ा था बहन का शव

पोते का फोन आने के बाद भगवत महिलांगे तत्काल मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा। कमरे में उनकी बहन नरबदा कोशले का शव पड़ा हुआ था।

इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस और डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस ने आरोपी पोते को किया गिरफ्तार

पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा खोला और खुद बाहर आकर पुलिस वाहन में बैठ गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपी मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Spread the word