दीपोत्सव पर सीएसईबी ने लोगों से बिजली का उपयोग में सावधानी बरतने की अपील की

कोरबा, 5 नवम्बर। बिजली का इस्तेमाल करते समय थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। घरों में खराब वायरिंग, कटे-फटे तार, बिजली के सर्किट पर ज्यादा लोड और उपकरणों का गलत इस्तेमाल आगजनी या करंट लगने जैसी घटनाओं का कारण बन सकता है। इसे देखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने लोगों से बिजली का उपयोग में सावधानी बरतने की अपील की है।

विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि घरों और भवनों में बिजली की वायरिंग की समय-समय पर जांच करानी चाहिए। इसके लिए योग्य इलेक्ट्रिशियन की मदद लें। बिजली के उपकरणों और स्विच बोर्ड को गीले हाथों से छूने से बचें। घर की अर्थिंग सही होनी चाहिए और बिजली के लोड के हिसाब से उचित क्षमता के तारों का इस्तेमाल करना चाहिए। खराब या ढीले तारों को तुरंत बदलवाएं। बिजली के तारों को जोडने के लिए कभी भी अस्थायी या खुले जोड़ का इस्तेमाल न करें।

कंपनी ने लोगों को बिजली के मीटर के आसपास ज्वलनशील सामान नहीं रखने और बिजली के सर्किट पर ज्यादा लोड नहीं डालने की सलाह दी है। बिजली के खंभों और तारों के पास पेड़ों पर चढना या उनके संपर्क में आना खतरनाक हो सकता है। बिजली के तारों के नीचे और खंभों के आसपास वाहन खड़े करने से भी बचना चाहिए। खेत, बाड़ी या घर की फेंसिंग में बिजली का करंट प्रवाहित करना बेहद खतरनाक और दंडनीय है। इससे इंसानों के साथ-साथ पशुओं की जान भी जा सकती है। बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और जमीन पर टूटकर गिरे तारों से दूर रहें। ऐसे तारों को खुद हटाने या छूने की कोशिश न करें, बल्कि तत्काल बिजली विभाग को इसकी सूचना दें। घरों में रूम हीटर जैसे उपकरणों का इस्तेमाल करते समय भी सावधानी जरूरी है। इनके आसपास कपड़े या अन्य ज्वलनशील सामान नहीं रखना चाहिए। पुराने और खराब बिजली उपकरणों का इस्तेमाल करने से बचें। जरूरत नहीं होने पर उपकरणों का स्विच बंद रखें। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के कार्यपालक निदेशक एके अम्बस्थ ने कहा कि बिजली सुरक्षा केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक को भी इसके प्रति जागरूक रहना चाहिए।

थोड़ी सी सावधानी और सुरक्षा नियमों का पालन कर जान-माल के नुकसान से बचा जा सकता है। बिजली से जुड़ी किसी दुर्घटना या आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क करें। इसके अलावा मोर बिजली ऐप के जरिए शिकायत दर्ज कराई जा सकती है या नजदीकी बिजली कार्यालय को सूचना दी जा सकती है।

Spread the word