सेवानिवृत्त एसईसीएल कर्मी हुआ ठगी का शिकार, नाम के धोखे में आकर गंवाया 3.85 लाख

कोरबा, 4 नवम्बर। साइबर ठगी करने वाले किस तरह पहचान का भ्रम पैदा कर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं, इसका एक और मामला सामने आया है। लुधियाना में कपड़े के कारोबार के सिलसिले में मिले एक व्यक्ति का नाम मोबाइल पर प्रदर्शित होने के कारण सेवानिवृत्त एसईसीएल कर्मी ने फोन करने वाले को उसी व्यक्ति का समझ लिया। इसके बाद अस्पताल में आपात स्थिति का हवाला देकर मदद मांगने वाले अज्ञात व्यक्ति की बातों पर भरोसा करना उन्हें महंगा पड़ गया और अलग-अलग लेन-देन के जरिए कुल 3.85 लाख रुपये की ठगी हो गई।

पुलिस के मुताबिक, सोमेन कुमार विश्वास, पिता स्वर्गीय जे.एन. विश्वास, उम्र 61 वर्ष, एलआईजी-204, आरपी नगर फेस-02 कोरबा निवासी हैं और एसईसीएल से सेवानिवृत्त हैं। वे सेवानिवृत्ति के बाद कपड़े का व्यवसाय शुरू करने के लिए दुकान स्थापित कर रहे है इसी सिलसिले में करीब 15 दिन पहले कपड़ों की खरीदारी के लिए लुधियाना गए थे, जहां उनकी मुलाकात सौरभ नामक व्यक्ति से हुई थी।

शिकायत के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल में मोबाइल पर ‘सौरभ’ नाम प्रदर्शित हो रहा था। इससे उन्हें लगा कि लुधियाना में मिला व्यापारी सौरभ ही फोन कर रहा है। फोन करने वाले ने खुद को अस्पताल में आपातकालीन परिस्थिति में बताते हुए कहा कि पैसे ट्रांसफर करते समय गलती से उसके पैसे सोमेन विश्वास के खाते में चले गए हैं। उसने रकम वापस करने का अनुरोध किया। शिकायतकर्ता ने लुधियाना में मिले सौरभ के रूप में समझकर उसकी बातों पर विश्वास कर लिया।

शिकायत के मुताबिक, जब उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया तो उसमें बैलेंस दिखाई नहीं दिया। उन्हें लगा कि सेवानिवृत्ति के बाद पीएफ संबंधी प्रक्रिया के कारण खाते में राशि प्रदर्शित नहीं हो रही होगी। इसी भ्रम में उन्होंने फोन करने वाले के बताए अनुसार फोन पे के माध्यम से रकम ट्रांसफर करना शुरू कर दिया। इसके बाद कथित तौर पर अगले दिन भी फोन कर अज्ञात व्यक्ति ने अपनी आर्थिक और चिकित्सकीय आपात स्थिति का हवाला देते हुए और पैसे भेजने का अनुरोध किया।

उसकी बातों पर विश्वास करके सोमेन विश्वास ने 18 से 22 अक्टूबर के बीच विभिन्न बैंक लेन-देन के माध्यम से कुल 3,85,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसमें उनकी पत्नी के बैंक खाते से ट्रांसफर की गई 20 हजार रुपये की रकम भी शामिल थी। बाद में उनकी पत्नी ने उन्हें बताया कि उनके साथ साइबर धोखाधड़ी हो रही है और फोन करने वाला व्यक्ति लुधियाना में मिला सौरभ नहीं है। इसके बाद उन्हें ठगी का पता चला। शिकायतकर्ता ने साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसका शिकायत नंबर भी पुलिस को दिया गया है। सोमेन कुमार विश्वास की शिकायत पर पुलिस ने मोबाइल नंबर 7773871886 के धारक के खिलाफ धारा 318(4) और 319(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।

Spread the word