दंतैल हाथियों की दस्तक से कोटमेर के ग्रामीणों में दहशत व्याप्त

कोरबा, 31 अक्टूबर। वनमंडल कोरबा के करतला रेंज अंतर्गत कोटमेर गांव में तीन हाथियों की अचानक दस्तक से ग्रामीण सहम गए हैं। हालांकि हाथियों ने अभी तत्काल बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाया है, फिर भी ग्रामीणों में इसकी संभावना को लेकर दहशत व्याप्त है।

बताया जाता है कि तीन दंतैल हाथी कोरबा रेंज के गेरांव क्षेत्र में विचरण कर रहे थे। कल दिनभर क्षेत्र में मंडराने के बाद रात में जंगल से बाहर निकले और करतला रेंज के कोटमेर गांव पहुंच गए। हाथियों ने यहां पहुंचते ही खेतों में प्रवेश किया और वहां पककर तैयार धान को खाने के साथ ही फसल को तहस-नहस कर दिया। ग्रामीणों को इसकी जानकारी आज सुबह तब लगी जब वे अपने खेतों में पहुंचे तो फसल को तहस-नहस पाया। ग्रामीणों ने इसकी तत्काल सूचना वन विभाग को दी। जिस पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर हाथियों की निगरानी में जुट गए हैं। कोटमेर व आसपास के गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।

इसी बीच रेंज के ही लबेद क्षेत्र के पहाड़ में डेरा डाले 10 हाथियों के झुंड ने सक्ती रेंज का रूख कर लिया है। झुंड को आज सुबह सक्ती रेंज के रैनखोल जंगल में देखा गया, उसके बाद करतला रेंज के संबंधित अमले ने राहत महसूस की। चूंकि हाथियों के इस दल में हाल ही में साजापानी क्षेत्र में जन्मे बेबी एलीफेंट भी शामिल है। अतः इसके वापस लौटने की संभावना है जिसे देखते हुए वन विभाग सतर्क है और हाथियों के इस झुंड पर नजर बनाए हुए है। उधर कटघोरा वनमंडल में भी एक लोनर हाथी पसान रेंज में घूम रहा है। लोनर का लोकेशन सेमरहा क्षेत्र के पथेरापारा जंगल में बना हुआ है।

Spread the word