बिजली कर्मचारियों को दीपावली से पहले मिलेगा 12 हजार बोनस

कर्मचारी संगठन ने जताई नाराजगी-कंपनी के आदेश पर यूनियन ने उठाए सवाल, कहा-मेहनत और योगदान के अनुपात में राशि पर पुनर्विचार जरूरी
कोरबा, 29 अक्टूबर। राज्य बिजली कंपनी के कर्मचारियों को दीपावली से पहले अधिकतम 12 हजार रुपये बोनस मिलेगा। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कंपनी ने बोनस और अनुग्रह राशि का आदेश जारी कर दिया है। हालांकि, बोनस की राशि को लेकर कर्मचारी संगठन ने असंतोष जताते हुए प्रबंधन से पुनर्विचार की मांग की है।
छत्तीसगढ़ राज्य बिजली ट्रांसमिशन कंपनी के मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 21 हजार रुपये तक मासिक वेतन पाने वाले पात्र कर्मचारियों को 8.33 प्रतिशत की दर से अधिकतम 12 हजार रुपये बोनस दिया जाएगा। वित्तीय वर्ष में कुछ माह ही नियोजित रहे कर्मचारियों को उनकी सेवा अवधि के अनुपात में अनुग्रह राशि मिलेगी। वहीं 21 हजार रुपये से अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप 12 हजार रुपये देने का प्रावधान किया गया है।
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने बोनस राशि को कर्मचारियों के लिए निराशाजनक बताया है। उन्होंने कहा कि बिजली कंपनी के कर्मचारी पूरे वर्ष उत्पादन, पारेषण और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में बोनस की राशि पर प्रबंधन को दोबारा विचार करना चाहिए। द्विवेदी ने कहा कि अन्य बड़े औद्योगिक संस्थानों में कर्मचारियों को मिलने वाले बोनस की तुलना में 12 हजार रुपये की राशि काफी कम है। उन्होंने प्रबंधन से कर्मचारियों की मेहनत, योगदान और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए बोनस बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल दीपावली से पहले बोनस मिलने से कर्मचारियों को राहत जरूर मिलेगी, लेकिन राशि को लेकर असंतोष बरकरार है।
